उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर दो पुस्तकें जारी: राज्यपाल ने किया विमोचन

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल(से.नि.) गुरमीत सिंह ने गुरुवार को राजभवन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित दो पुस्तकों — ‘पुष्कर धामी: हिमालय की जीवंत ऊष्मा’ (हिंदी) और ‘Pushkar Dhami: The Vibrant Heat of the Himalayas’ (अंग्रेजी) — का विमोचन किया। दोनों पुस्तकों का संकलन युवा लेखिका संभावना पंत ने किया है। पुस्तकों का प्रकाशन प्रभात पब्लिकेशन और रूपा पब्लिकेशन द्वारा किया गया है।

विमोचन कार्यक्रम में आचार्य प्रमोद कृष्णम, स्वामी चिदानंद सरस्वती, तथा पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

राज्यपाल ने लेखिका की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तक दर्शाती है कि दादा के आदर्शों, माता की विनम्रता और सैनिक पिता के अनुशासन से एक दृढ़ व्यक्तित्व कैसे आकार लेता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, विकास और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल की हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भावुक होकर अपने बचपन, पहाड़ के संघर्षों और माता-पिता के त्याग को याद किया। उन्होंने कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं कुछ बनूंगा, लेकिन मेरे भीतर हमेशा यह ऊष्मा थी कि मैं समाज के लिए कुछ करूं।” उन्होंने लेखिका और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को प्रगति के शिखर पर ले जा रहे हैं, उसी दिशा में मुख्यमंत्री धामी उत्तराखंड का नेतृत्व कर रहे हैं। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने मुख्यमंत्री की कर्तव्य परायणता की प्रशंसा की और पुस्तकों को सार्थक रचना बताया।

लेखिका संभावना पंत ने कहा कि पुस्तकों में मुख्यमंत्री धामी की पारिवारिक प्रेरणाओं, संघर्षों, नेतृत्व क्षमता, विनम्रता और जनता-सेवा की भावना का विस्तृत वर्णन है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, नरेश बंसल, कल्पना सैनी, विधायक सविता कपूर, पद्मश्री बसंती बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button