उत्तर प्रदेशराज्य

दीपोत्सव मेला-2025 तथा परिक्रमा/कार्तिक पूर्णिमा मेला को सकुशल निपटाने को लेकर डी एम ने कि बैठक

अयोध्या l आगामी प्रान्तीयकृत दीपोत्सव मेला-2025 तथा परिक्रमा/कार्तिक पूर्णिमा मेला 2025 को भव्य एवं दिव्य रूप से सकुशल आयोजित किये जाने हेतु जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गयी।   जिलाधिकारी ने कहा कि दीपोत्सव 2025 के लिए सभी कार्यदायी विभाग/संस्था कार्यो के लिए नोडल अधिकारी नामित करें तथा सभी सम्बंधित विभाग आगामी तीन दिवस में विस्तृत कार्ययोजना बनाकर अपर जिलाधिकारी नगर/मेलाधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने राम की पैड़ी सहित दीपोत्सव स्थल पर निर्माण कार्य कर रही कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि 30 सितम्बर 2025 तक निर्माण कार्य पूर्ण करते हुये निर्माण सामाग्रियों को स्थल से हटाया जाना सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने सम्बंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन विभागों में टेंडर की प्रक्रिया होनी है उसको यथाशीघ्र प्रारम्भ करते हुए समय पर पूर्ण करें तथा जिन कार्याे को कई विभागों द्वारा मिलकर सम्पादित किया जाना है वह सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर दीपोत्सव को सकुशल सम्पन्न करायें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर/मेलाधिकारी योगानन्द पांडेय ने दीपोत्सव 2025 का तिथिवार विवरण की जानकारी देते हुए कहा कि दिनांक 17 अक्टूबर 2025 को गोवस्त द्वादशी, 18 अक्टूबर 2025 को धन त्रयोदशी, 19 अक्टूबर 2025 को नरक चतुर्दशी/छोटी दीपावली (मुख्य दीपोत्सव कार्यक्रम) तथा 20 अक्टूबर 2025 को दीपावली का पर्व है। बैठक में दीपोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों यथा-साकेत महाविद्यालय में आयोजित होने वाले कार्यक्रम (झांकी एवं शोभायात्रा), रामकथा पार्क के कार्यक्रम, सरयू आरती, राम की पैड़ी के कार्यक्रम के सम्बंध में सम्बंधित विभागों यथा-संस्कृति, सूचना, पर्यटन, नगर निगम, परिवहन, उद्यान, विद्युत, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग, चिकित्सा आदि के अधिकारियों से कार्ययोजना के अनुरूप दीपोत्सव सम्पन्न कराने हेतु अपने-अपने विभाग से सम्बंधित कार्याे एवं दायित्वों से सम्बंधित तैयारियों का विवरण प्रस्तुत किया गया।
जिलाधिकारी ने दीपोत्सव मेला 2025 की बैठक के पश्चात परिक्रमा/कार्तिक पूर्णिमा मेला 2025 को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए बैठक आहूत करते हुये जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सम्बंधित विभाग 05 दिवस के अन्दर कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें। इसके साथ साथ परिक्रमा मार्ग पर कार्य कर रही कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि 15 अक्टूबर 2025 तक परिक्रमा मार्ग की सड़कों तथा प्रकाश के लिए स्ट्रीट लाइट का कार्य अवश्य पूर्ण कर लिया जाय, जिससे श्रद्वालुओं को चलने में किसी प्रकार की असुविधा न हों। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु स्वास्थ्य कैम्प लगवाने, नगर निगम को साफ-सफाई व पेयजल की समुचित व्यवस्था करने, विद्युत विभाग को निरन्तर विद्युत आपूर्ति सहित अन्य सम्बंधित विभागों को सभी आवश्यक कार्यवाहियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये गये। अपर जिलाधिकारी नगर ने बताया कि दिनांक 30 अक्टूबर 2025 को चौदह कोसी परिक्रमा/अक्षय नवमी, 01 नवम्बर 2025 को पंचकोसी परिक्रमा/एकादशी तथा 05 नवम्बर 2025 को कार्तिक पूर्णिमा स्नान/गुरु नानक जयंती मनायी जायेगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 श्री महेन्द्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर/मेलाधिकारी योगानन्द पांडेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 सुनील कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर नगर आयुक्त, उपनिदेशक पर्यटन, पंचायती राज, परिवहन, उद्यान, विद्युत, सिंचाई, सूचना, लोक निर्माण विभाग आदि सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button