
रूद्रपुर। जिला अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशानुसार परिवहन विभाग ने 22 फरवरी, रविवार को 03 सचल दलों का गठन कर अलग-अलग क्षेत्रों में खनन में लिप्त ओवरलोड वाहनों, बिना तिरपाल ढक कर उपखनिज परिवहन करने वाले वाहनों और बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट संचालित वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया।
रुद्रपुर-गदरपुर और सितारगंज क्षेत्र में कार्रवाई
रुद्रपुर-गदरपुर क्षेत्र में परिवहन कर अधिकारी गोविन्द सिंह के नेतृत्व में 19 वाहनों का चालान किया गया और 2 वाहनों को सीज किया गया।
सितारगंज क्षेत्र में परिवहन कर अधिकारी तारकेन्द्र वैष्णव के नेतृत्व में 13 वाहनों का चालान किया गया।
किच्छा-पुलभट्टा क्षेत्र में आगामी अभियान
किच्छा-पुलभट्टा क्षेत्र में परिवहन कर अधिकारी श्री रमेश कुमार सुनेजा द्वारा आज रात को नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ चेकिंग अभियान आयोजित किया जाएगा।
भविष्य में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
सहायक संभागीय अधिकारी नवीन सिंह ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार भविष्य में भी ओवरलोड वाहनों, खनन में लिप्त वाहनों और मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।



