उत्तराखंडराज्य

उद्योग बंधुओं की समस्याओं का प्राथमिकता से करें समाधान: मुख्य विकास अधिकारी

रुद्रपुर। उद्योग बंधुओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने मंगलवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित जिला उद्योग मित्र की बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि जनपद में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में औद्योगिक संस्थानों से जुड़ी समस्याओं पर विशेष ध्यान देते हुए उनका त्वरित और प्रभावी समाधान किया जाना आवश्यक है।

औद्योगिक क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं पर हुआ मंथन

बैठक में जनपद के औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, विद्युत आपूर्ति, जल निकासी, यातायात व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं सहित अन्य विभागीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उद्योगों के संचालन में आने वाली बाधाओं को जल्द दूर किया जा सके।

उद्यमियों को निर्यात संवर्धन की दी गई जानकारी

बैठक के दौरान जिला निर्यात हब (District as Export Hub) कार्यक्रम के तहत उद्यमियों को निर्यात संवर्धन एवं विदेश व्यापार से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई।

विदेश व्यापार महानिदेशालय की सहायक महानिदेशक प्रिया रानी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्यमियों को निर्यात शुरू करने की प्रक्रिया, निर्यातकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, विदेश व्यापार नीति, पंजीकरण, प्रमाणन, प्रोत्साहन योजनाओं और निर्यात की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने उद्यमियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए अधिक से अधिक स्थानीय उद्योगों को निर्यात गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया।

लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश

उद्यमियों ने जिला उद्योग मित्र बैठक को उद्योगों की समस्याओं के समाधान और विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने निर्यात संवर्धन से संबंधित आयोजित सत्र की भी सराहना की।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्योगों से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए जनपद में निवेश और औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण बनाए रखा जाए।

उन्होंने पूर्व में आयोजित बैठकों के बिंदुओं की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि शासन स्तर पर लंबित मामलों के लिए पुनः स्मारक पत्र भेजे जाएं और विभागीय स्तर पर लंबित कार्यों के लिए समय सीमा निर्धारित कर उन्हें निर्धारित अवधि में पूरा किया जाए।

बैठक में ये अधिकारी और उद्यमी रहे उपस्थित

बैठक में महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, आरएम सिडकुल सितारगंज रविंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत उमाकांत चतुर्वेदी, पिटकुल के अरविंद रावत, लीड बैंक अधिकारी कमल कुमार, एनएचएआई इंजीनियर तुषार गुप्ता, केजीसीसीआई से अशोक बंसल, अपूर्व जिंदल, राकेश कुमार, अशोक कुमार, एसईडब्ल्यूएस के प्रतिनिधि सहित अनेक उद्यमी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button