
रुद्रपुर। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ममता पंत ने बताया कि उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों एवं जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में आगामी 2 अगस्त (रविवार) को गांधी भवन, पंतनगर विश्वविद्यालय में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर का आयोजन प्रातः 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक किया जाएगा, जिसमें माननीय मुख्य न्यायमूर्ति, उच्च न्यायालय नैनीताल एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष की उपस्थिति रहेगी।
जनकल्याणकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की निःशुल्क जानकारी, प्रचार सामग्री एवं आवेदन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिविर में पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण कर उन्हें विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, आधार कार्ड सहित अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा परिवार रजिस्टर की नकल एवं अन्य आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
श्रमिकों और जरूरतमंदों के लिए विशेष सुविधाएं
उन्होंने बताया कि श्रम विभाग की ओर से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों एवं मजदूरों का पंजीकरण किया जाएगा तथा उन्हें निःशुल्क सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। वहीं, समाज कल्याण विभाग द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न लाभकारी योजनाओं से आमजन को लाभान्वित किया जाएगा।
स्वास्थ्य जांच और दिव्यांग प्रमाण पत्र की सुविधा
शिविर में स्वास्थ्य विभाग एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सहयोग से निःशुल्क ओपीडी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आम जनता को चिकित्सा परामर्श के साथ आवश्यक दवाइयां भी वितरित की जाएंगी।
इसके साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा पात्र व्यक्तियों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए जाएंगे।
निःशुल्क कानूनी सहायता और विधिक जागरूकता की दी जाएगी जानकारी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा लगाए गए स्टॉल में विभिन्न कानूनों, स्थायी लोक अदालत की भूमिका एवं उसके लाभों की जानकारी दी जाएगी। जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के संबंध में भी जागरूक किया जाएगा।
इसके अलावा नालसा एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के ऑनलाइन विधिक सहायता पोर्टल के बारे में जानकारी देकर आमजन को कानूनी सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
विभागों को आवश्यक उपकरण साथ लाने के निर्देश
ममता पंत ने सभी संबंधित विभागों से अपील की है कि वे शिविर में कंप्यूटर, प्रिंटर एवं अन्य आवश्यक उपकरण साथ लेकर आएं, ताकि उपस्थित पात्र व्यक्तियों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान किया जा सके।



