शिकोहाबाद मुठभेड़: पुलिस पर गोली दागने वाले दोनों शातिर बदमाश ढेर, 300 जवानों ने घेरा था गांव, 2 पुलिसकर्मी घायल

फिरोजाबाद। इटावा पुलिस की एसओजी टीम और बदमाशों के बीच शुक्रवार को मुठभेड़ हो गई। दोपहर 12 बजे शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के पास नीम खेरिया गांव में ये मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस ने दो बदमाशों को मार गिराया है।
बदमाशों की फायरिंग में एसओजी के दो सिपाही भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल सिपाहियों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
गाजियाबाद से झारखंड भाग रहे थे बदमाश
पुलिस के अनुसार, उन्हें जानकारी मिली थी कि दो बदमाश गाजियाबाद से झारखंड जा रहे थे। वांछित बदमाशों की लोकेशन संबलपुर एक्सप्रेस में मिली थी। सूचना पर इटावा एसओजी टीम ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की घेराबंदी की।
पुलिस की घेराबंदी देख बदमाश ट्रेन से उतरकर पास के एक गांव की ओर भाग निकले। पुलिस ने जब बदमाशों का पीछा किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश ढेर हो गए।
दो सिपाहियों को लगी गोली
बदमाशों की फायरिंग में एसओजी के दो सिपाही भी घायल हो गए। आरक्षी डेविड चौहान के पेट और पुष्पेंद्र के कंधे में गोली लग गई। दोनों को पुलिस की टीम अस्पताल लेकर पहुंची। दोनों की हालत गम्भीर बताई जा रही है।
जानकारी पर एसएसपी भी मौके पर पहुंचे
पुलिस मुठभेड़ की जानकारी पर एसएसपी इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव और एसएसपी फिरोजाबाद आदित्य लांघे फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस की टीम घटनास्थल का मुआयना कर रही है।



