उत्तराखंडराज्य

रामनगर–देहरादून के बीच पहली द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

देहरादून। रेल मंत्रालय ने रामनगर और देहरादून के बीच नई द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन (15310/15309) के संचालन को मंजूरी दे दी है। यह दोनों शहरों के बीच चलने वाली पहली एक्सप्रेस ट्रेन होगी, जिससे कुमाऊं और उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा।

सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन

नई एक्सप्रेस ट्रेन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी यात्रा में यह ट्रेन उसी दिन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से प्रस्थान कर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

यात्रा के दौरान ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे विभिन्न क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

कई जिलों के यात्रियों को मिलेगा फायदा

इस नई रेल सेवा से उत्तराखंड के नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून के अलावा उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर जिलों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। छात्र, किसान, व्यापारी और अन्य यात्री अब देहरादून और हरिद्वार जाकर एक ही दिन में अपना कार्य पूरा कर वापस लौट सकेंगे।

पर्यटन और तीर्थाटन को मिलेगा बढ़ावा

नई ट्रेन सेवा से जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों, गिरिजा देवी मंदिर और सीतावनी क्षेत्र के श्रद्धालुओं को भी बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी। इसके अलावा हरिद्वार और देहरादून से चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा भी पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुविधाजनक होगी।

सभी प्रमुख श्रेणियों के कोच होंगे उपलब्ध

इस एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, एसी चेयर कार, शयनयान (स्लीपर), द्वितीय श्रेणी चेयर कार और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।

क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति

रेल मंत्रालय के अनुसार, इस नई ट्रेन सेवा से क्षेत्र में पर्यटन, तीर्थाटन, शिक्षा, व्यापार और स्थानीय आवागमन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही कुमाऊं और देहरादून के बीच यात्रा पहले की अपेक्षा अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button