राष्ट्रिय

मुर्शिदाबाद में दर्दनाक रेल हादसा: ट्रेन की चपेट में आई स्कूल वैन, दो बच्चों समेत तीन की मौत

मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण रेल हादसे में दो स्कूली बच्चों और एक बुजुर्ग साइकिल सवार की मौत हो गई। यह दुर्घटना कर्णसुबर्ण रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर हुई, जहां निमतीता–कटवा पैसेंजर ट्रेन की टक्कर स्कूल वैन और साइकिल सवार से हो गई।

स्कूल वैन से हुई सीधी टक्कर

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 6:41 बजे कटवा–अजीमगंज रेलखंड के लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 24A/2 पर ट्रेन संख्या 53054 निमतीता–कटवा पैसेंजर की टाटा सूमो स्कूल वैन से टक्कर हो गई। वैन में रॉयल एकेडमी स्कूल के छात्र सवार थे। हादसे के दौरान एक बुजुर्ग साइकिल सवार भी रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहा था, जो ट्रेन की चपेट में आ गया।

दो बच्चों सहित तीन लोगों की मौत

इस दर्दनाक दुर्घटना में दो स्कूली बच्चों और बुजुर्ग साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन बच्चों और स्कूल वैन चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां गंभीर रूप से घायल बच्चों और चालक का आईसीयू में इलाज चल रहा है। अन्य घायल बच्चों का भी अस्पताल में उपचार जारी है।

राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त आरपीएफ जवानों की भी तैनाती की गई।

हादसे की जांच के आदेश

रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों की टीम विस्तृत जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button