उत्तराखंडराज्य

बेगुल नदी पर 10.72 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा नया पुल, सांसद अजय भट्ट ने किया भूमिपूजन

सितारगंज। पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट ने बरी के समीप काशीपुर–सितारगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेगुल नदी के ऊपर बनने वाले नए पुल के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। नारियल फोड़कर उन्होंने निर्माण कार्य की शुरुआत कराई और अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।

समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश

भूमिपूजन के दौरान सांसद अजय भट्ट ने एनएचएआई के अधिकारियों से कहा कि पुल का निर्माण निर्धारित समय में पूरा किया जाए, ताकि इस मार्ग पर लंबे समय से बनी जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार विकास कार्यों को केवल शुरू ही नहीं करती, बल्कि उन्हें समय पर पूरा भी कराती है। यही कारण है कि जनता का सरकार पर विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का जताया आभार

सांसद अजय भट्ट ने पुल निर्माण परियोजना को स्वीकृति मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश में सड़क और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मार्च 2027 तक पूरा होगा निर्माण कार्य

एनएचएआई के परियोजना निदेशक अचल जिंदल ने जानकारी दी कि लगभग 10.72 करोड़ रुपये की लागत से 81 मीटर लंबे पुल का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि परियोजना को निर्धारित समय के अनुसार मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री खतीब अहमद, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार, जिला पंचायत सदस्य सूरज नारायण, एनएचएआई के परियोजना निदेशक अचल जिंदल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button