उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री धामी ने रुद्रपुर में शहीद ऊधम सिंह की आदमकद कांस्य प्रतिमा का किया अनावरण

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जनपद भ्रमण के दौरान रुद्रपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि पर उनकी 9 फीट ऊंची आदमकद कांस्य प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। करीब 40 लाख रुपये की लागत से स्थापित इस प्रतिमा के अनावरण के बाद मुख्यमंत्री ने शहीद ऊधम सिंह को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने शहीद ऊधम सिंह के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन देशप्रेम, आत्मसम्मान और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का अमर प्रतीक है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।

कलेक्ट्रेट परिसर में विकास कार्यों का लोकार्पण

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर जनसुविधाओं को मजबूत करने वाली कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में 120.18 लाख रुपये की लागत से निर्मित पार्किंग, लैंडस्केपिंग एवं ड्रेन निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इस परियोजना से परिसर में पार्किंग व्यवस्था बेहतर होगी तथा सौंदर्यीकरण और जल निकासी की सुविधाएं भी सुदृढ़ होंगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने रुद्रपुर स्थित कैनाल कॉलोनी में 264.97 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सरफेस पार्किंग परियोजना का शिलान्यास किया। परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ नागरिकों को सुव्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी।

गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ हो रहा विकास: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ जनसुविधाओं के विस्तार और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जा रहा है, ताकि आमजन को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।

शहीद ऊधम सिंह के परिजनों से की वर्चुअल वार्ता

मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से पंजाब में निवासरत शहीद ऊधम सिंह के परिजनों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का साहस और बलिदान देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। प्रदेश सरकार और जनता उनके योगदान को हमेशा याद रखेगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी रोपित किया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू, मंजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह नामधारी, फरजाना बेगम, रणजीत सिंह नामधारी, उत्तम दत्ता, रामपाल सिंह, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, प्रदेश मंत्री भाजपा गुंजन सुखीजा, नगर पालिका गदरपुर अध्यक्ष मनोज गुम्बर, नगर पंचायत गुलरभोज अध्यक्ष सतीश चुघ, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, डीजीसी मनोज तिवारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button