उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री धामी ने गदरपुर को दी 28.30 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात

गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर बस स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच 2830.07 लाख रुपये (28.30 करोड़ रुपये) की लागत वाली 8 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने फीता काटकर नवनिर्मित गदरपुर बस स्टेशन का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री धामी ने गदरपुर क्षेत्र को विकास कार्यों की बड़ी सौगात देते हुए 694.06 लाख रुपये लागत की पूर्ण हो चुकी योजनाओं का लोकार्पण तथा 2136.01 लाख रुपये की नई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।

इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने 275.70 लाख रुपये की लागत से निर्मित विकासखंड गदरपुर के नए कार्यालय भवन, 69.19 लाख रुपये की लागत से ग्रामीण क्षेत्र में हरिचन्द्र-गुरुचन्द्र बंग विशाल सामुदायिक भवन तथा 349.17 लाख रुपये की लागत से बने गदरपुर बस अड्डे का लोकार्पण किया।

नवनिर्मित बस स्टेशन में यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, किचन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे गदरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी।

5 नई विकास योजनाओं का हुआ शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने 1839.70 लाख रुपये की लागत से बाबा डल मंदिर से बौर जलाशय (डेस्टिनेशन), गुलरभोज कूल्हा तिलपुरी वन बैरियर तक सिंचाई विभाग द्वारा प्रस्तावित कंक्रीट सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

इसके अलावा रामजीवनपुर नंबर-3 एवं ग्राम मझरशिला के आंतरिक मार्गों में 67.29 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल रोड निर्माण, जयनगर नंबर-4 कॉलोनी के विभिन्न मार्गों में 87.09 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल सड़क निर्माण, गुरुनानकपुर के आंतरिक मार्गों में 57.82 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल सड़क निर्माण तथा कुल्हा चौराहे से लक्ष्मण सिंह गट्टी गांव तक 84.11 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल रोड निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।

विकास से बदलेगी गदरपुर क्षेत्र की तस्वीर: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से केवल गदरपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी व्यापक लाभ मिलेगा। ये योजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति और नई पहचान प्रदान करेंगी।

उन्होंने कहा कि गूलरभोज को भविष्य में प्रमुख पर्यटन एवं विकास केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार “विकास भी, विरासत भी” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी आगे बढ़ा रही है।

शिलान्यास के बाद समय पर पूरे हो रहे हैं कार्य

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उनकी सरकार केवल शिलान्यास करने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि प्रत्येक योजना को समयबद्ध तरीके से पूरा कर उसका लोकार्पण भी करती है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की पहचान यही है कि जिन योजनाओं का शुभारंभ किया जाता है, उन्हें निर्धारित समय में पूरा कर जनता को समर्पित किया जाता है।

उन्होंने कहा कि नए विकासखंड कार्यालय भवन के निर्माण से ग्रामीण विकास कार्यों को गति मिलेगी और लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध होगा।

शिक्षा और ग्रामीण विकास पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि गदरपुर क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय में छात्रावास भवन, राजकीय इंटर कॉलेज दिनेशपुर में आधुनिक ऑडिटोरियम तथा आईटीआई गूलरभोज में बालिका छात्रावास का निर्माण कराया गया है।

उन्होंने बताया कि आश्रम पद्धति कन्या विद्यालय के उच्चीकरण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है, जिससे क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि बोर डैम के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा विभिन्न गांवों में लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजनाओं का निर्माण कराया गया है।

महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से गदरपुर विकासखंड में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

पारदर्शिता के साथ हो रहा एसआईआर अभियान

मुख्यमंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है। इसका उद्देश्य केवल मतदाता सूची का शुद्धिकरण करना है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून, लैंड जिहाद पर कार्रवाई, नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कदम जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय जनहित में लिए हैं। सरकार वोट बैंक की राजनीति नहीं, बल्कि जनविश्वास और संतुष्टीकरण के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।

जनप्रतिनिधियों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक बस स्टेशनों के निर्माण से जनता को बेहतर यात्रा सुविधाएं मिलेंगी।

विधायक अरविंद पांडे और शिव अरोरा ने विकास कार्यों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने गदरपुर विधायक के अनुरोध पर चीनी मिल कर्मचारियों को सातवां वेतनमान दिलाने के लिए जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही गूलरभोज पर्यटन क्षेत्र में जिम कॉर्बेट जिप्सी परमिट संचालन और गदरपुर महाविद्यालय में भविष्य में दो पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने का भी आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मेयर विकास शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button