उत्तराखंडराज्य

शहीद ऊधम सिंह के बलिदान को मुख्यमंत्री धामी ने किया नमन, गुरुद्वारे में मत्था टेक प्रदेश की खुशहाली की कामना की

गदरपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर स्थित कंबोज धर्मशाला में आयोजित शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह के शहादत दिवस कार्यक्रम में भाग लेकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ में सहभागिता की तथा गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में शामिल होना बताया सौभाग्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन में शामिल होकर उन्हें आत्मिक शांति और विशेष प्रसन्नता का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि उन्हें एक साथ दो महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुए—पहला, श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ का श्रवण कर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त करने का और दूसरा, अमर शहीद ऊधम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने का।

ऊधम सिंह का बलिदान राष्ट्रभक्ति का अमिट उदाहरण

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह आयोजन वीरता और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम है। उन्होंने कहा कि जब भी शहीद ऊधम सिंह के साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया जाता है, हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा हो जाता है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1919 का जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का अत्यंत दर्दनाक अध्याय था। इस घटना की पीड़ा को शहीद ऊधम सिंह ने वर्षों तक अपने हृदय में संजोए रखा और अंततः विदेश जाकर अन्याय का प्रतिकार करते हुए भारत के स्वाभिमान, साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय पूरी दुनिया के सामने रखा।

युवाओं के लिए प्रेरणा हैं शहीद ऊधम सिंह

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन साहस, आत्मसम्मान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान का प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन प्रत्येक नागरिक को देश के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है।

गुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाएं मानवता का मार्ग दिखाती हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा, त्याग, मानवता और भाईचारे की भावना श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पावन वाणी से प्राप्त होती है। गुरु साहिब की शिक्षाएं सत्य, करुणा, निस्वार्थ सेवा और सामाजिक सद्भाव का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि ये आदर्श केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उत्तराखंड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के विकास और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में सिख समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और राष्ट्रहित में योगदान देने का संकल्प लें।

कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू, मंजीत सिंह, सुरेंद्र नामधारी, फरजाना बेगम, रणजीत सिंह नामधारी, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, नगर पालिका गदरपुर अध्यक्ष मनोज गुम्बर, नगर पंचायत गुलरभोज अध्यक्ष सतीश चुघ, नगर पंचायत दिनेशपुर अध्यक्ष मंजीत कौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button