
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग, लक्सर तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने लक्सर के खरंजा कुतुबपुर क्षेत्र में संचालित अवैध मावा निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की।
बिना फूड लाइसेंस के चल रही थीं मावा निर्माण इकाइयां
अपर आयुक्त (खाद्य सुरक्षा), गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान दो मावा निर्माण इकाइयां बिना वैध फूड लाइसेंस के संचालित होती मिलीं। जांच में कुरबान पुत्र छब्बर तथा इलियास पुत्र असरफ द्वारा बिना लाइसेंस मावा निर्माण करने और दूध का विक्रय किए जाने की पुष्टि हुई।
दोनों इकाइयों को जारी किए गए बंद करने के नोटिस
खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों इकाइयों को अगले आदेश तक संचालन बंद रखने के नोटिस जारी कर दिए हैं। इसके अलावा प्रयोगशाला परीक्षण के लिए मावा निर्माण में उपयोग किए जा रहे दूध के तीन नमूने भी एकत्र किए गए हैं।
न्यायालय में वाद दायर करने की तैयारी
बिना वैध लाइसेंस खाद्य निर्माण इकाई संचालित करने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने के मामले में दोनों संचालकों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



