उत्तराखंडराज्य

काशीपुर में 19 वर्षीय युवती हत्याकांड का खुलासा, डंपर चालक समेत दो गिरफ्तार

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, गहन तफ्तीश और टीमवर्क के जरिए काशीपुर में 19 वर्षीय युवती की हत्या का खुलासा कर दिया है। कोतवाली काशीपुर पुलिस ने हत्याकांड में शामिल डंपर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंपर, लोहे का हुक और मृतका का बैग समेत अन्य सामान भी बरामद किया है।

सड़क किनारे मिला था युवती का शव

अगस्त माह में रामनगर रोड स्थित धनौरी पट्टी के पास सड़क किनारे 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतका के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए थे। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने स्वयं मामले का संज्ञान लिया और काशीपुर पुलिस को ब्लाइंड मर्डर का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए।

200 से 250 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली

हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस टीमों ने मृतका के घर से लेकर घटनास्थल तक जाने वाले संभावित सभी रास्तों को चिन्हित किया। इसके बाद करीब 200 से 250 CCTV कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया।

CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को घटना के समय चैती मेला रोड से चीमा चौराहा, रामनगर रोड और केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जाने वाला एक डंपर संदिग्ध लगा।

मोबाइल फोन ने खोली हत्या की कड़ी

जांच के दौरान मृतका के मोबाइल नंबर समेत संदिग्ध व्यक्तियों के मोबाइल नंबरों की CDR और लोकेशन का विश्लेषण किया गया। मृतका की लोकेशन घटना से कुछ समय पहले उसके घर के पास स्थित चैती मैदान में मिली।

जांच में यह भी सामने आया कि मृतका ने 20 अगस्त की सुबह करीब 4:35 बजे चैती रोड से चीमा चौराहे तक जाने के लिए रैपिडो बुक की थी, जिसे करीब 4:38 बजे कैंसिल कर दिया गया था।

इसके बाद मृतका का मोबाइल गुलजारपुर क्षेत्र में डंपर चालक छोटे को सड़क पर पड़ा मिला। मोबाइल फ्लाइट मोड में था। पुलिस ने मोबाइल की जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को आपस में जोड़ते हुए घटना की कड़ियों को जोड़ना शुरू किया।

संदिग्ध डंपर तक पहुंची पुलिस

CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने डंपर संख्या UK15CA-1437 को संदिग्ध चिन्हित किया। वाहन स्वामी से पूछताछ में पता चला कि घटना के दिन डंपर को चालक राजू पुत्र ललित, निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई, ऊधम सिंह नगर चला रहा था। उसके साथ सुमित पुत्र राजू, निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, थाना काशीपुर भी मौजूद था।

पुलिस ने दोनों संदिग्धों से गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

एकांत स्थान पर वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी राजू ने बताया कि 20 अगस्त 2026 की सुबह वह अपने साथी सुमित के साथ खनिज सामग्री लेने क्रेशर की ओर जा रहा था। चैती मैदान के पास एक महिला ने डंपर रुकवाया, जिसके बाद दोनों ने उसे डंपर में बैठा लिया।

कुछ आगे जाने के बाद राजू ने सुमित को डंपर चलाने के लिए कहा और स्वयं महिला के पास बैठ गया। पुलिस के मुताबिक, एकांत स्थान पर राजू ने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान महिला द्वारा आरोपी के हाथ में दांत काटने के बाद राजू ने डंपर में रखे लोहे के हुक से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की डंपर के अंदर ही मौत हो गई।

इसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और क्रेशर की ओर जाकर खनिज सामग्री भरने चले गए।

पुलिस को गुमराह करने के लिए सड़क पर रखा मोबाइल

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद मृतका का मोबाइल डंपर में ही रह गया था। आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने और मोबाइल किसी अन्य व्यक्ति को मिलने की स्थिति में जांच की दिशा बदलने के उद्देश्य से मोबाइल को ओंकार स्टोन क्रेशर से पहले सड़क पर रख दिया।

हालांकि, CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस की लगातार जांच के चलते आरोपियों की यह साजिश सामने आ गई।

डंपर से बरामद हुआ हत्या में प्रयुक्त लोहे का हुक

पुलिस ने 23 अगस्त 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त डंपर को कब्जे में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर डंपर के अंदर से वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का हुक और मृतका का बैग बरामद किया गया।

बैग से मृतका का आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड भी बरामद हुए। इसके अलावा आरोपियों की निशानदेही पर घटना के समय उनके द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपी

  1. राजू पुत्र ललित, निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 39 वर्ष।
  2. सुमित पुत्र राजू, निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, थाना काशीपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 19 वर्ष।

पुलिस ने ये सामान किया बरामद

  • घटना में प्रयुक्त डंपर संख्या UK15CA-1437
  • वारदात में प्रयुक्त लोहे का हुक
  • मृतका का मोबाइल फोन।
  • मृतका का बैग, जिसमें आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड मिले।
  • घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े।

एसएसपी अजय गणपति का सख्त संदेश

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है। अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, वह पुलिस की पैनी नजर से बच नहीं सकता। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button