
रुद्रपुर। पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब (सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम) के योमे पैदाइश (जन्मदिन) के अवसर पर 26 अगस्त, बुधवार को जनपद के विभिन्न शहरों एवं कस्बों में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाना प्रस्तावित है। जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने और इससे यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि जुलूस के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक और रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है।
भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन पर रहेगा प्रतिबंध
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार 26 अगस्त को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक जनपद की सभी अंतरजनपदीय एवं अंतरराज्यीय सीमाओं से भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में भारी मालवाहक वाहनों को जनपद की सीमाओं से प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
हालांकि, आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों, जैसे दूध, गैस, फल, सब्जी और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति करने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है।
इन मार्गों से गुजरेंगे वाहन
जुलूस के दौरान आम यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न मार्गों पर आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू किया जाएगा।
- दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से काशीपुर, नैनीताल या अन्य पर्वतीय जनपदों की ओर जाने वाले वाहन रामपुर बाईपास से रिंग रोड का प्रयोग करेंगे।
- हरिद्वार और काशीपुर की ओर से नैनीताल, अन्य पर्वतीय जनपदों या रामपुर की ओर जाने वाले वाहन एमेंनिटी स्कूल के पास स्थित फ्लाईओवर से रिंग रोड के माध्यम से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
- खटीमा और सितारगंज की ओर से रामपुर, मुरादाबाद, दिल्ली, काशीपुर या हरिद्वार की ओर जाने वाले वाहन राधा स्वामी सत्संग के निकट बने फ्लाईओवर के पास से रिंग रोड का उपयोग करेंगे।
- नैनीताल और हल्द्वानी की ओर से हरिद्वार, देहरादून, दिल्ली, मुरादाबाद, सितारगंज या बरेली की ओर जाने वाले वाहनों को पार्ले चौक से रिंग रोड के माध्यम से आगे जाना होगा।
जुलूस के दौरान इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
एसएसपी ने बताया कि जुलूस के किच्छा बाईपास रोड से डीडी चौक की ओर जाने के दौरान तीनपानी से किच्छा बाईपास रोड होते हुए डीडी चौक की ओर आने वाले वाहनों को अल्प अवधि के लिए त्रिशूल चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इसी तरह, जुलूस के डीडी चौक से त्रिशूल चौक की ओर जाने के दौरान वाहनों को त्रिशूल चौक तथा डीडी चौक से अल्प अवधि के लिए तीनपानी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
थाना प्रभारियों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से की सहयोग की अपील
पुलिस प्रशासन ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान लागू यातायात प्रतिबंधों एवं डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें। वाहन चालक निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जारी आदेश का उल्लंघन अथवा अनुपालन न करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस अधिनियम, 2007 की धारा 83 की उपधारा (1) एवं (2) के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


