
रुद्रपुर। जिला सेवायोजन अधिकारी राजेश दुर्गापाल ने बताया कि जिले के बेरोजगार पुरुष अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए Terrier Security Services (India) Pvt. Ltd., गुजरात में विशेष सुरक्षा गार्ड के 200 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए सेवायोजन विभाग की ओर से विभिन्न स्थानों पर रोजगार शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन स्थानों पर आयोजित होंगे भर्ती शिविर
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए अलग-अलग तिथियों में भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें—
- 29 अगस्त, सुबह 10 बजे से नगर सेवायोजन कार्यालय, निकट आईटीआई युवक, काशीपुर।
- 31 अगस्त, सुबह 10 बजे से जिला सेवायोजन कार्यालय, रुद्रपुर।
- 1 सितंबर, सुबह 10 बजे से विकासखंड कार्यालय सभागार, खटीमा।
अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर संबंधित स्थल पर पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में प्रतिभाग कर सकते हैं।
भर्ती के लिए निर्धारित योग्यता
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि विशेष सुरक्षा गार्ड के पद के लिए अभ्यर्थी का 12वीं अथवा स्नातक उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अभ्यर्थियों की आयु 19 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जबकि न्यूनतम लंबाई 172 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है।
एनसीसी प्रमाण-पत्र धारक और स्पोर्ट्स पर्सन को भर्ती में प्राथमिकता दी जाएगी।
चयनित अभ्यर्थियों को मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण
भर्ती शिविर में चयनित अभ्यर्थियों को गुजरात के वडोदरा में 6 से 8 सप्ताह का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रशिक्षुओं को 10 हजार रुपये स्टाइपेंड, निःशुल्क आवास, वर्दी तथा रियायती दर पर भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशिक्षण के बाद 38 हजार रुपये तक वेतन
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद कंपनी की ओर से नौकरी के दौरान अभ्यर्थियों को 38 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
अभ्यर्थी इन दस्तावेजों के साथ पहुंचें
उक्त पद के लिए निर्धारित शैक्षिक योग्यता रखने वाले इच्छुक पुरुष अभ्यर्थी भर्ती शिविर में शामिल हो सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल शैक्षिक योग्यता प्रमाण-पत्र, उनकी छायाप्रतियां तथा एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।
अभ्यर्थी अपने व्यय पर निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में प्रतिभाग कर इस रोजगार अवसर का लाभ उठा सकते हैं।



