उत्तराखंडराज्य

आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर सरकार की नजर, कालाबाजारी और जमाखोरी पर होगी सख्त कार्रवाई

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने और आम जनता को जरूरी सामान उचित दरों पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के जरिए कृत्रिम रूप से कीमतें बढ़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

मांग और आपूर्ति पर लगातार नजर रखने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति समेत संबंधित विभागों को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और उनकी कीमतों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी पैदा कर उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने की स्थिति नहीं बननी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों से मांग और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता के अनुसार समयबद्ध कदम उठाने को कहा है।

सभी जिलों में नियमित बाजार निरीक्षण के निर्देश

मुख्यमंत्री धामी ने सभी जिलों के प्रशासन को नियमित रूप से बाजारों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान आवश्यक वस्तुओं के निर्धारित और प्रचलित बाजार भाव के साथ-साथ दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में उपलब्ध स्टॉक की भी जांच की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान कालाबाजारी, जमाखोरी या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आम जनता के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ता है। ऐसे में सरकार उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ बाजार की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button