व्यापार

Meesho को तगड़ा झटका, मिला 1500 करोड़ रुपये का टैक्स नोटिस; अब आगे क्या?

ई-कॉमर्स मार्केटप्लेस मीशो को असेसमेंट ईयर 2023-24 के लिए करीब 1,500 करोड़ रुपये का इनकम टैक्स डिमांड नोटिस मिला है। कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि वह वह इस ऑर्डर को चैलेंज करेगी। यह डिमांड नोटिस आयकर विभाग की असेसमेंट यूनिट ने इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 156 के तहत जारी किया है। साथ ही कंपनी को इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 143(3) के तहत एक असेसमेंट ऑर्डर भी जारी हुआ है।

मीशो के मुताबिक, आयकर विभाग ने उससे 14,99,73,82,840 रुपये या लगभग 1500 करोड़ रुपये के इनकम टैक्स की डिमांड की है। इसमें ब्याज भी शामिल है। कंपनी ने कहा है कि वह असेसमेंट ऑर्डर में किए गए ऑब्जर्वेशंस और एडजस्टमेंट्स से सहमत नहीं है और डिमांड को चैलेंज करने का प्लान बना रही है।

कंपनी का मानना ​​है कि उसके पास कानून और तथ्यों के आधार पर अपनी बात सही साबित करने के लिए पर्याप्त कारण हैं। वह अपने हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठा रही है। कंपनी ने यह भी कहा कि इस ऑर्डर का उसकी वित्तीय स्थिति, ऑपरेशंस या दूसरी एक्टिविटीज पर कोई बड़ा बुरा असर नहीं पड़ेगा।

असेसमेंट ईयर 2022-23 के लिए भी मिला था ऐसा ही डिमांड नोटिस

मीशो ने यह भी कहा है कि इससे पहले असेसमेंट ईयर 2022-23 के लिए भी ऐसा ही डिमांड नोटिस जारी हुआ था। उसके बारे में कंपनी ने 5 दिसंबर, 2025 को फाइल किए गए प्रॉस्पेक्टस में डिटेल में बताया था। मीशो ने आगे कहा कि कर्नाटक हाई कोर्ट ने 17 अप्रैल, 2025 के एक ऑर्डर से उस डिमांड नोटिस पर अंतरिम रोक लगा दी थी और मामला अभी पेंडिंग है।

मीशो को साल 2015 में विदित आत्रे और संजीव बरनवाल ने शुरू किया था। कंपनी दिसंबर 2025 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई। इसका 5,421.20 करोड़ रुपये का IPO 81.76 गुना भरा था। इसके शेयर की वर्तमान की कीमत BSE पर 159.10 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 71800 करोड़ रुपये है।

Meesho की वित्तीय सेहत

मीशो का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में शुद्ध घाटा सालाना आधार पर लगभग 12 गुना बढ़कर 490.6 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले घाटा 37.43 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 31 प्रतिशत बढ़कर 3,517.5 करोड़ रुपये हो गया। दिसंबर 2024 तिमाही में यह 2,678.64 करोड़ रुपये था। खर्च दिसंबर 2025 तिमाही में लगभग 44 प्रतिशत बढ़कर 4,071 करोड़ रुपये के रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button