
देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा है कि उत्तराखंड की जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने का मन बना चुकी है। हालांकि उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि इस विश्वास को आत्मसंतुष्टि का कारण नहीं बनने देना चाहिए। संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को और अधिक सक्रियता, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को पहुंचाना होगा।
डबल इंजन सरकार पर जनता का मजबूत विश्वास
रविवार को देहरादून में आयोजित भाजपा के सभी सात मोर्चों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और जनकल्याण के अनेक कार्य हुए हैं। यही कारण है कि जनता का भरोसा डबल इंजन सरकार पर लगातार मजबूत हो रहा है और विभिन्न चुनावों में जनता सरकार के कार्यों पर अपनी मुहर लगा रही है।
बूथ स्तर तक पहुंचें सरकार की उपलब्धियां
प्रदेश अध्यक्ष ने सभी मोर्चों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को जल्द से जल्द मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकार की जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क और जनसंवाद को और अधिक मजबूत करना होगा।
मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान पर विशेष जोर
बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की भी विस्तार से समीक्षा की गई। महेंद्र भट्ट ने कहा कि स्वस्थ और सशक्त लोकतंत्र के लिए त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
अपात्र नाम हटाने और घुसपैठियों पर सख्ती की बात
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में शामिल अपात्र व्यक्तियों और घुसपैठियों के नामों को हटाने की प्रक्रिया भी पूरी गंभीरता से की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि देवभूमि उत्तराखंड की सरकार बनाने का अधिकार केवल प्रदेश की जनता को है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
संगठनात्मक मजबूती के साथ चुनावी लक्ष्य पर फोकस
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत सहित युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा तथा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों ने भाग लिया। सभी पदाधिकारियों ने संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने और वर्ष 2027 के चुनावी लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।



