
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में सीट पक्की कर ली है। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने वेस्टइंडीज को सुपर-8 मैच में पांच विकेट से हारने के बाद सेमीफाइनल का टिकट कटाया। भारत को रविवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मैच में 196 रनों का ऐतिहासिक टारगेट 19.2 ओवर में चेज किया। यह टी20 वर्ल्ड कप में भारत द्वारा चेज किया गया सबसे बड़ा लक्ष्य है। बतौर ओपनर संजू सैमसन ने शानदार की बल्लेबाजी की। वह 50 गेंदों में 97 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनके बल्ले से 12 चौके और चार छक्के निकले। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में छठी बार सेमीफाइनल में जगह बनाई है।
कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला?
भारत और इंग्लैंड के बीच टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा। यह मुकाबला 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित होगा। इंग्लैंड ने सुपर-8 में शानदार प्रदर्शन किया। उसने लगातार तीन मैच जीते। वहीं, भारत को साउथ अफ्रीका के हाथों हार मिली और उसने जिम्बाबवे के अलावा वेस्टइंडीज को धूल चटाई। भारत बनाम वेस्टइंडीज मैच ‘वर्चुअल क्वार्टर फाइनल’ था। बता दें कि टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका की न्यूजीलैंड से भिड़ंत होगी, जो 4 मार्च को ईडन गार्डन्स में होगा। फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है।
भारत की शुरुआत खास नहीं रही थी
वेस्टइंडीज मैच में लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। अभिषेक शर्मा (10) और ईशान किशन (10) का बल्ला नहीं चला। ऐसे में सैमसन ने बखूबी एक छोर संभाला। उन्होंने सूर्यकुमार (18) के साथ तीसरे विकेट के लिए 58 और तिलक वर्मा (27) के संग चौथे विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी की। सैमसन और हार्दिक पांड्या (17) ने पांचवें विकेट के लिए 38 रन जोड़े और वेस्टइंडीज को बैकफुट पर धकेला। सैमसन ने अंतिम ओवर में छक्का और चौका लगाकर भारत को जीत की दहलीज पार कराई। शिवम दुबे ने 4 गेंदों में नाबाद 8 रन बनाए।
भारत ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी थ
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी थी। वेस्टइंडीज ने चार विकेट पर 195 रन बनाए। रोस्टन चेस ने दो जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए 25 गेंद में 40 रन बनाए। उन्होंने शाइ होप के साथ पहले विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की। होप ने 33 गेंद में 32 रन बनाए। दोनों ने अच्छी शुरुआत करते भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया। भारत ने हालांकि 12वें ओवर में वापसी की जब जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट चटकाए। इसके बाद हालांकि रोवमैन पॉवेल और जैसन होल्डर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पांचवें विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंद में 76 रन की अटूट साझेदारी की। पॉवेल ने 19 गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों के साथ 34 रन बनाए जबकि होल्डर ने 22 गेंद में 37 रन बनाए जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल थे।

