उत्तर प्रदेशराज्य

अयोध्या के कॉलेज में पर्चे पर लिखा मिला बम बनाने का तरीका! मचा हड़कंप, हिरासत में तीन छात्र

यूपी के अयोध्या के कॉलेज में ‘बम कैसे बनाएं’ लिखा नोट मिला। दर्शननगर स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक लैब टेक्नीशियन छात्र द्वारा कथित रूप से बम बनाने से संबंधित हस्तलिखित जानकारी लिखने सूचना सामने आई। पुलिस ने संबंधित छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसके लैपटॉप को भी जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।

मामले में मिली जानकारी के अनुसार मो. सरफराज मेडिकल कॉलेज में लैब टेक्नीशियन प्रथम वर्ष का छात्र बताया जा रहा है। शुक्रवार रात उसकी ड्यूटी टेक्नीशियन रूम में लगी थी। आरोप है कि ड्यूटी के दौरान उसने एक कागज पर अपनी हैंडराइटिंग में कथित रूप से बम बनाने संबंधी जानकारी लिखी। ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने कमरे में जाकर सो गया। इसी दौरान वह कागज किसी अन्य कर्मचारी के हाथ लग गया। कागज पर लिखी सामग्री देखकर उसके साथियों को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस संबंधित कागज के साथ मो. सरफराज का लैपटॉप भी अपने साथ चौकी ले गई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज प्रशासन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कॉलेज परिसर में इसको लेकर चर्चा का माहौल बना रहा। वहीं पुलिस आने वाले तीन चार घंटे पूछताछ होने के बाद मामले में स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की गई है। पुलिस ने छात्र के लैपटॉप, फोन और अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच की है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली है। हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले के बारे में कोई जानकारी साझा न करते हुए केवल इतना कहा कि छात्र से पूछताछ की गई है और मामले में स्थिति स्पष्ट है। छात्र सरफराज खान बलरामपुर जिले का निवासी है। इसी साल सरफराज ने मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया है। उसकी रात में लैब में ड्यूटी लगी थी।

पुलिस ने कहा कि जरूरत पड़ने पर अन्य जांच या सुरक्षा एजेंसियों की भी मदद ली जाएगी। वहीं, मेडिकल कॉलेज मामले में सतर्कता बरतते हुए कह रहा है कि पुलिस का सहयोग किया जा रहा है। मामले में जरूरत पड़ने पर जांच और कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button