राष्ट्रिय

जंतर-मंतर पर मुझे, मेरी स्वर्गीय मां को गालियां दी गईं, पर मैं बच्चों को माफ करना चाहता हूं: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक नई रील डाली। इसमें उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान इस्तेमाल की गई भाषा पर भी सवाल उठाए। पीएम मोदी ने अपनी रील में कहाकि हाय फ्रेंड्स, आज तो मन करता है, बस आपसे ही बात करूं। जंतर-मंतर पर जो कुछ भी हुआ, उसे पूरे देश और दुनिया ने देखा है। कुछ शरारती बच्चों ने, भद्दी-भद्दी गालियां दी हैं। किसी भी सभ्य समाज को शोभा न दे, ऐसे शब्दों का प्रयोग किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहाकि मुझे तो गालियां दी गईं, मेरी स्वर्गीय माता को भी गालियां दी गईं। न जाने कितना भद्दा स्वरूप था।

गुमराह बच्चों को राह दिखाने का समय

पीएम मोदी ने वीडियो में आगे कहाकि लेकिन मैं आज बात करना चाहता हूं कि बचपन में गलतियां होती हैं। बचपन में गलतियों को सुधारने का अवसर भी होता है। उन्होंने कहाकि यही तो बचपना है। इसलिए मैं समाज के अंदर जो आक्रोश है, मैं उसे भली-भांति समझ सकता हूं। पीएम ने कहाकि एक कल्चरल शॉक है, कि हमारी बेटियां इस प्रकार की भाषा कैसे बोल सकती हैं। लेकिन समय है, इन बच्चों को गले लगा करके राह दिखाने का। पीएम मोदी ने कहाकि यह गुमराह बच्चे हैं। उनको राह दिखाना हमारा काम है।

दांत और जीभ का उदाहरण

प्रधानमंत्री मोदी ने कहाकि इन बच्चों को सजा देना, अदालतों के चक्कर कटवाना, समाज में उनको प्रताड़ित करके हम परिस्थितियां नहीं बदल पाएंगे। समाज भी मेरी इस बात को स्वीकार करे, क्योंकि मेरे मन में एक ही भाव है। उन्होंने आगे उदाहरण देते हुए कहाकि कभी-कभी दांतों तले हमारी जीभ आ जाती है। खून निकल आता है, लेकिन हम दांत तोड़ते नहीं हैं। वजह, दांत भी हमारे हैं और जीभ भी हमारी है। पीएम मोदी ने कहाकि बच्चे भी हमारे हैं। उन्हें राह दिखाना हमारा काम है। गुमराह को राह दिखाना कठिन होता है, लेकिन कठिन काम हमें करना है।

पीएम बोले-मैं आपके लिए जीता हूं

पीएम मोदी ने वीडियो में आगे कहाकि आओ बच्चों, हम देश के लिए साथ मिलकर आगे बढ़ें। कुछ नया सीखें। गलतियों से भी सीखें और अपने सपनों को लेकर चल पड़ें। प्रधानमंत्री ने कहाकि देश बहुत आगे बढ़ रहा है। आगे बढ़ने वाला है और आपका भी आगे बढ़ना निश्चित हो, यही मेरा सपना है। मैं आपके लिए जीता हूं, आपके उज्जवल भविष्य के लिए खपता हूं। आओ, हम मिलकर देश को आगे बढ़ाएं। इसके बाद उन्होंने देखने वालों को धन्यवाद दिया और कहाकि आओ हम सब मिलकर आगे बढ़ें।

रुचिका के खिलाफ मामला

गौरतलब है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के बैनर तले हुए छात्रों के प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करने वाली एक युवती के खिलाफ नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में मामला दर्ज किया गया है। इस युवती का नाम रुचिका सिंह बताया गया है। हालांकि शुक्रवार को रुचिका की मां इसके लिए माफी मांग ली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button