
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लोहियाहेड हेलीपैड स्थित कैंप कार्यालय में जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा सरकार का मूल उद्देश्य है और आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि” के मंत्र के साथ कार्य कर रही है और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जनहितैषी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विकास कार्यों को गति देने पर जनप्रतिनिधियों से चर्चा
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है।
दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को वितरित किए सहायक उपकरण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 27 दिव्यांगजनों को 77 सहायक उपकरण और 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण वितरित किए।
वितरित किए गए उपकरणों में 11 बैटरी रिक्शा, 14 व्हीलचेयर, 18 कमोड चेयर, 6 ट्राई साइकिल, 24 हियरिंग मशीन, 40 नी-ब्रेस, 13 बैसाखियां, वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन और सीपी चेयर शामिल रहे।

स्वयं सहायता समूहों को सौंपे वाहन
मुख्यमंत्री ने ग्रामोत्थान रीप योजना के तहत नारी शक्ति ग्राम संगठन गदरपुर और सत्यमेव जयते सीएलएफ बाजपुर को बोलेरो वाहनों की चाबी सौंपी। वहीं एकता सीएलएफ गदरपुर को फूड वैन प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर पैदा करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होंगे।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, किशन सिंह किन्ना, गंभीर सिंह धामी, रणजीत सिंह नामधारी, मोहिनी पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।



