उत्तराखंडराज्य

एसयूडब्ल्यूजे देहरादून जिला इकाई के पदाधिकारियों ने ली शपथ, पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने का लिया संकल्प

देहरादून। स्टेट यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (एसयूडब्ल्यूजे) जिला इकाई देहरादून के शपथ ग्रहण समारोह में नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपने दायित्वों एवं जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली। समारोह में पत्रकारिता के सामाजिक सरोकारों और संगठन की मजबूती पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

पत्रकारिता समाज की दिशा तय करने वाला माध्यम: सुनील अग्रवाल

राजपुर रोड स्थित नारायण मुनि भवन में रविवार को आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार संतोष आनंद ने की। जिला अध्यक्ष सूर्य प्रकाश ने सभी अतिथियों और सदस्यों का स्वागत किया।

मुख्य अतिथि सुनील अग्रवाल ने कहा कि समाज की दिशा और दशा तय करने में पत्रकारिता की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि पत्रकार की लेखनी आज भी विश्वसनीयता और निष्पक्षता की कसौटी मानी जाती है। इसलिए पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निभानी चाहिए।

पत्रकारिता का उद्देश्य समाज और राष्ट्र हित होना चाहिए: संजय जी

विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ प्रदेश संघ प्रचारक संजय जी ने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य व्यक्तिगत हित नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के हितों को प्राथमिकता देना होना चाहिए। उन्होंने पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों और मूल्यों को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की अपील

एसयूडब्ल्यूजे के प्रदेश अध्यक्ष शंकर दत्त शर्मा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए पत्रकारिता को जनसरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए जिम्मेदार पत्रकारिता आवश्यक है।

नवगठित जिला इकाई को दी गई शुभकामनाएं

कार्यक्रम में राज्य पत्रकार संरक्षण समिति के सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा, सतेन्द्र चौहान और कुलदीप सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने नई जिला इकाई के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अतिथियों और पदाधिकारियों को किया गया सम्मानित

समारोह के समापन अवसर पर एसयूडब्ल्यूजे के प्रदेश संयोजक एवं वरिष्ठ पत्रकार नारायण भट्ट, जिला महामंत्री पंकज भार्गव और चेतन सिंह खड़का ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर आमंत्रित अतिथियों, वरिष्ठ पत्रकारों और यूनियन के नवनियुक्त पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

पत्रकारों और गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति

पवन रावत के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में शिव प्रसाद सती, पीताम्बर कुमार, सतीश पुंडिर, उमाशंकर कुकरती, नीता शर्मा, लक्ष्मी बहुगुणा, मनु सब्बरवाल, संजय सुमिताभ, कपिल गर्ग, चिरंजीव सहगल, आदित्य मलिक, लक्ष्मी बिष्ट, सत्येन्द्र कुमार चौहान, इन्द्र कुमार अरोड़ा, निधि अरोड़ा, कृष्ण कुमार सेमवाल, विनोद रावत, चन्द्रकला काला सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button