
हरिद्वार। पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तराखंड सरकार और हरिद्वार जिला प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की शिवभक्तों ने जमकर सराहना की है। देश के विभिन्न राज्यों से गंगाजल लेने पहुंचे श्रद्धालुओं ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं और यातायात प्रबंधन को बेहतर बताया।
श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री और प्रशासन का जताया आभार
दिल्ली से पहुंची संतोष पांचाल ने बताया कि वह दूसरी बार कांवड़ यात्रा में शामिल होने आई हैं। उन्होंने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं के लिए पहले की तुलना में अधिक बेहतर इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
अलग यात्रा मार्ग से आसान हुई कांवड़ यात्रा
मुजफ्फरनगर से आए शिवभक्त मोनू ने बताया कि कांवड़ यात्रियों के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था की गई है। इस मार्ग पर बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान काफी सुविधा मिल रही है।
मेडिकल कैंप और मूलभूत सुविधाओं से मिली राहत
दिल्ली से हरिद्वार पहुंचे संजय कुमार ने कहा कि यात्रा मार्ग पर जगह-जगह मेडिकल कैंप, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इन सुविधाओं के कारण श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
वहीं, सोनीपत के गुहाना से आए दीपक ने कांवड़ पटरी मार्ग, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, भंडारे और रात्रि प्रकाश की सुविधाओं की प्रशंसा की। उन्होंने इसके लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।
सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा के लिए प्रशासन सक्रिय
श्रद्धालुओं की प्रतिक्रियाओं से साफ है कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। यात्रा मार्गों पर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं को लेकर शिवभक्तों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और हरिद्वार जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।



