
देहरादून। थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में 5 किलोमीटर लंबी ‘रन फॉर थैलेसीमिया’ मैराथन का आयोजन किया गया। इस जागरूकता दौड़ में युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
मैराथन का शुभारंभ पवेलियन ग्राउंड से हुआ। दौड़ कनक चौक, दिलाराम चौक और ब्रह्मकमल चौक होते हुए वापस पवेलियन ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई।
खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी: रेखा आर्या
समापन समारोह में खेल मंत्री रेखा आर्या ने प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नियमित खेलकूद और शारीरिक गतिविधियां शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ कई गंभीर बीमारियों से बचाव में भी मददगार साबित होती हैं। थैलेसीमिया जैसी बीमारी को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
युवाओं को खेल और व्यायाम के लिए समय निकालने की अपील
खेल मंत्री ने कहा कि मोबाइल और आरामदायक जीवनशैली के बढ़ते प्रभाव के कारण लोगों की शारीरिक गतिविधियां कम हो रही हैं, जिससे कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन खेल और व्यायाम के लिए समय निकालने की अपील की।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश में फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
बालक और बालिका वर्ग के विजेताओं को मिला सम्मान
मैराथन प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में दीपांजलि यादव ने प्रथम, सोनाक्षी ने द्वितीय और आराधना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में रोहित प्रथम, अर्जुन द्वितीय और हिमांशु बिष्ट तृतीय स्थान पर रहे।
सभी विजेताओं को मेडल और सम्मान देकर पुरस्कृत किया गया।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय आर्य, विनोद डोभाल, ऋतु डोभाल, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजीव कुमार रंजन, अंजना सहित कई गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी और प्रतिभागी मौजूद रहे।



