ऑस्कर 2027: ‘गोंधल’ को मिली ऑफिशियल एंट्री, ‘धुरंधर’ और ‘हनुमान अंश’ समेत इन 33 फिल्मों को पछाड़ मारी बाजी

ऑस्कर 2027 में मराठी फिल्म का जलवा देखने के लिए मिला है. इसमें इंडिया की ओर से मराठी फिल्म ‘गोंधळ’ की ऑस्कर में एंट्री हो चुकी है. फेडरेशन ऑफ इंडिया (एफएफआई) ने इसकी आधिकारिक घोषणा की है. इसे बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म की कैटेगरी में रखा गया है. इसका निर्देशन संतोष डावखर ने किया है. ऑस्कर में एंट्री कर इसने बॉलीवुड की ‘धुरंधर’ और ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्मों को पछाड़ दिया है.
मराठी फिल्म ‘गोंधळ’ की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में स्क्रीनिंग की गई थी, जहां पर इसकी काफी सराहना की गई. फिल्म के निर्देशन लेकर एक्टिंग तक को लोगों ने काफी पसंद किया. ‘गोंधळ’ को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज से पहले चुनिंदा स्क्रीनिंग और फिल्म फेस्टिवल्स में इसे दिखाया गया ताकि ये मूवी क्रिटिक्स तक पहुंच सके.
33 फिल्मों को पछाड़ ‘गोंधळ’ ने मारी बाजी
जानकारी के मुताबिक, मराठी फिल्म ‘गोंधळ’ को 33 फिल्मों में से ऑस्कर के लिए चुना गया है. जूरी को 33 फिल्में प्रस्तुत की गई थी. इसमें 14 तो हिंदी फिल्में थीं. इसके साथ ही इसमें 4 हिंदी, तेलुगु और गुजराती के साथ ही तीन तमिल और एक मलयालम फिल्म का नाम शामिल था, जिसे मराठी फिल्म ‘गोंधळ’ ने पीछे छोड़ दिया.
गौरतलब है कि ऑस्कर 2026 में नीरज घायवान की फिल्म ‘होमबाउंड’ को चुना गया था, जो कि कोविड-19 पर आधारित थी. इसमें ईशान खट्टर और विशाल जेठवा जैसे कलाकार ने अहम रोल प्ले किया था.
13 सदस्यों के जूरी पैनल ने लिया फैसला
फेडरेशन ऑफ इंडिया के विशेष पैनल ने ‘गोंधळ’ को ऑस्कर 2027 के लिए चुना है. इसके लिए 13 सदस्यों के जूरी पैनल ने फैसला किया था. इसमें जूरी पैनल में पी शेषाद्री, विजय पाटकर, हितू कनोडिया, शांति कुमार, संदीप पराशर, संजय पाटिल, साबू जोसेफ, अनिल थॉमस, विवेक वासवानी, बिजॉन दासगुप्ता, हासन, वासन और तनिष्ठा चटर्जी जैसे दिग्गजों के नाम शामिल थे.
मराठी फिल्म ‘गोंधळ’ के बारे में
बहरहाल, अगर मराठी फिल्म ‘गोंधळ’ के बारे में बात की जाए तो इसे साल 2025 में नवंबर में रिलीज किया गया था. ये एक सस्पेस थ्रिलर और ड्रामा फिल्म है, जिसका म्यूजिक इलियाराजा ने दिया था. इसमें इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, किशोर कदम, सुरेश विश्वकर्मा और अन्य कलाकार भी अहम रोल में थे.
इसके साथ ही अगर फिल्म की कहानी के बारे में बात करें तो इसकी स्टोरी एक ही रात पर फिल्माई गई है. फिल्म की कहानी महाराष्ट्र की प्राचीन लोक परंपरा ‘गोंधळ’ पर आधारित है.


