
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में कहा कि भारत का भविष्य युवाओं के सुरक्षित हाथों में है। विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, भारतीय संस्कृति और संस्कारों की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है।
भारत की युवा आबादी देश की सबसे बड़ी ताकत: धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है, जहां 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 42 वर्ष से कम आयु की है। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि अपने कौशल, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार देने वाला बन रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं।
उत्तराखंड सरकार युवाओं के लिए चला रही कई योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार युवाओं को स्वरोजगार और रोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, कौशल विकास योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति और नई फिल्म नीति जैसी योजनाएं संचालित कर रही है।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप राज्य में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज किया गया है। साथ ही बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) सूचकांक में भी उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है।
नकल विरोधी कानून से युवाओं के हितों की रक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए उत्तराखंड में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है और 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।
स्वरोजगार के लिए ऋण प्रक्रिया होगी आसान
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को और सरल बनाया जाएगा। इसके लिए बैंक अधिकारियों के साथ विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां युवाओं की समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के दौरान युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा लूथरा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।



