अंतर्राष्ट्रीय

अफगानिस्तान में हादसा, पाकिस्तान से लौटते समय ट्रक पलटने से 18 शरणार्थियों की मौत; 35 घायल

नई दिल्ली। पूर्वी अफगानिस्तान में शनिवार को एक हाईवे पर पड़ोसी देश पाकिस्तान से लौट रहे अफागान शरणार्थियों से भरा एक ट्रक पलट गया। इस हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 35 अन्य घायल हो गए। घायलों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।

प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता अब्दुल मलिक नियाजी ने बताया कि यह हादसा लघमान प्रांत में उस मुख्य हाईवे पर हुआ, जो अफगानिस्तान की राजधानी काबुल को नंगरहार प्रांत से जोड़ता है। उन्होंने बताया कि मृतकों में 10 बच्चे और पांच महिलाएं शामिल हैं और घायलों को इलाज के लिए नंगरहार के अस्पतालों में ले जाया गया है।

तालिबान सरकार ने घटना पर जताया दुख

तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने इस घटना पर दुख जताया और पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पूरे अफगानिस्तान में सड़क दुर्घटनाएं आम बात हैं, जहां सड़कें खराब हालत में हैं और ड्राइवर अक्सर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हैं।

प्रवासियों के खिलाफ पाकिस्तान की कार्रवाई

ये यात्री उन हजारों अफगानों में शामिल थे जो हाल ही में पाकिस्तान से लौटे थे। पाकिस्तान ने 2023 में बिना दस्तावेज वाले प्रवासियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की थी और तब से कई लोगों को देश से निकाल दिया है या उन्हें देश छोड़ने के लिए मजबूर किया है।

लगभग उसी समय ईरान ने भी अफगान प्रवासियों को देश से निकालने की प्रक्रिया तेज कर दी थी। तब से इन दोनों देशों से लाखों अफगान अपने घर लौट चुके हैं, जिनमें कई ऐसे लोग भी शामिल हैं जिनका जन्म पाकिस्तान में हुआ था और जिन्होंने वहां रहते हुए और काम करते हुए दशकों बिताए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button