
देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को साकार करने के लिए पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों से दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से कुल 26.38 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
विकासनगर में हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी
कोतवाली विकासनगर पुलिस ने 10 जनवरी 2026 को चेकिंग के दौरान अम्बाड़ी डाकपत्थर क्षेत्र से इंतजार उर्फ जादू (32 वर्ष) को 9.78 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। अभियुक्त के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त विकासनगर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी सहित लगभग एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। बरामद स्मैक की कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है।
सेलाकुई में नशा तस्कर की गिरफ्तारी
वहीं, थाना सेलाकुई पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान निशुल चौधरी (25 वर्ष) को 16.60 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। अभियुक्त के विरुद्ध धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में निशुल चौधरी ने स्वीकार किया कि उसने स्मैक सहारनपुर निवासी विमल चौधरी से खरीदकर लाया था। पुलिस वांछित अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये है।
स्थानीय युवाओं को नशा बेचने की तैयारी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों अभियुक्त स्थानीय युवाओं को स्मैक बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थे। देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



