उत्तर प्रदेशराज्य

यूपी में आज होगा हरियाली का महाअभियान, लगाए जाएंगे 35 करोड़ पौधे; गोरखपुर में मौजूद रहेंगे CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार (12 जुलाई) को गोरखपुर से प्रदेशव्यापी पौधरोपण महायज्ञ 2026 का शुभारंभ करेंगे. रविवार सुबह वह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के समीप और आरकेबीके के पास ताल रिंग रोड के किनारे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधा लगाएंगे. इस मौके पर जनसभा कर वह प्रदेशवासियों को पौधरोपण महायज्ञ में जिम्मेदारीपूर्वक हिस्सेदारी करने का आह्वान करेंगे.

पौधरोपण महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी मौजूद रहेंगे. महाभियान के जरिये प्रदेश सरकार ने इस बार 35 करोड़ पौधरोपण करने का लक्ष्य तय किया है.

पवित्र त्रिवेणी और मौलश्री का करेंगे रोपण

मुख्यमंत्री, लिंक एक्सप्रेसवे के पास पवित्र त्रिवेणी (नीम, पीपल और बरगद) का पौधा लगाएंगे. जबकि ताल रिंग रोड के किनारे वह मौलश्री का पौधरोपण करेंगे. सीएम योगी के मार्गदर्शन में इस बार राज्यभर में रिकॉर्ड 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है. इसे लेकर वन विभाग के संयोजन में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

इस लक्ष्य में गोरखपुर को 55 लाख 28 हजार 600 पौधरोपण की जिम्मेदारी मिली है. कुल 27 विभागों के सामंजस्य से होने वाले पौधरोपण महाभियान में सबसे बड़ा लक्ष्य वन विभाग के पास है.

वन विभाग ने पूरी की सभी तैयारियां

गोरखपुर के प्रभागीय वनाधिकारी शुभम सिंह के अनुसार गोरखपुर जिले को मिले लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी पौधशालाओं में गुणवत्तायुक्त पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है.

पौधों के बेहतर विकास और उत्तरजीविता के लिए चिन्हित रोपण स्थलों पर एडवांस सॉयल वर्क के अंतर्गत गड्ढा खुदाई, टॉप सॉयल की व्यवस्था, पौधरोपण स्थलों का विकास, पौध संरक्षण हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं तथा अन्य तैयारियां पहले से पूर्ण हैं.

गोरखपुर जिले में एक लाख से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य 7 प्रमुख विभागों को सौंपा गया है. इनमें वन विभाग को सबसे अधिक 19 लाख 37 हजार पौधे लगाने की जिम्मेदारी मिली है. इसके बाद ग्राम विकास विभाग को 18 लाख 61 हजार, कृषि विभाग को 5 लाख 76 हजार, उद्यान विभाग को 2 लाख 85 हजार, पर्यावरण विभाग को 2 लाख 38 हजार, पंचायती राज विभाग को 2 लाख 2 हजार तथा राजस्व विभाग को 1 लाख 43 हजार पौधरोपण का लक्ष्य दिया गया है. इन सभी विभागों के समन्वय से जिले में 55 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button