उत्तराखंडराज्य

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत बहुद्देशीय शिविर आयोजित

गदरपुर में प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से शनिवार को जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर गदरपुर ब्लॉक की न्याय पंचायत बराखेड़ा स्थित पंचायत भवन में संपन्न हुआ, जहां ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

सरकार की प्राथमिकता है त्वरित समस्या समाधान: उपजिलाधिकारी

शिविर का निरीक्षण करते हुए उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह ने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। शिविर के दौरान मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर पंजीकरण किया गया और अनेक पात्र व्यक्तियों को तुरंत लाभान्वित किया गया।

23 विभागों की सहभागिता, स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध

शिविर में कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं बाल विकास विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।

673 लोगों ने लिया शिविर का लाभ

इस बहुद्देशीय शिविर में कुल 673 लोगों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 406 व्यक्तियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत लाभ प्रदान किया गया। शिविर के दौरान 490 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 26 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 24 शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजा गया।

प्रमाण पत्र, पेंशन और आर्थिक सहायता का वितरण

शिविर में दो समूहों को कैश क्रेडिट लिमिट के अंतर्गत 4.5 लाख रुपये की धनराशि वितरित की गई। इसके अलावा 25 आधार कार्ड, 30 आयुष्मान कार्ड, 22 स्थायी निवास प्रमाण पत्र, 51 जाति प्रमाण पत्र, 44 आय प्रमाण पत्र, 5 परिवार रजिस्टर की नकल, 5 बीपीएल कार्ड, 1 मृत्यु प्रमाण पत्र तथा 12 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। एक वृद्धा श्रीमती शीला देवी पत्नी महंगा राम की वृद्धावस्था पेंशन की कार्यवाही मौके पर ही पूरी कर निस्तारण किया गया।

महिला समूहों और बालिकाओं को मिला विशेष लाभ

शिविर में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर महिलाओं ने हस्तनिर्मित सामग्री की बिक्री कर 8750 रुपये का कारोबार किया। महिला एवं बाल कल्याण विभाग द्वारा एक महिला की गोदभराई भी कराई गई। शिक्षा विभाग के माध्यम से 10 बालिकाओं को साइकिल, 5 बालिकाओं को जूता-बैग हेतु चेक तथा 5 बालिकाओं को गणवेश वितरित किए गए।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति

शिविर में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, तहसीलदार लीना चन्द्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योम जैन, खंड विकास अधिकारी अतिया परवेज़, सेवायोजन अधिकारी राजेश दुर्गापाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button