
देहरादून। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया है कि देहरादून के नंदा की चौकी स्थित नवनिर्मित पुल पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही भारी बारिश के चलते पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसकी मरम्मत तेजी से कराई जा रही है।
बारिश के कारण बहा मलबा, पुल को नहीं पहुंचा नुकसान
सचिव ने बताया कि बीती रात हुई तेज बारिश के दौरान एप्रोच रोड के नीचे से मलबा बह जाने के कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया। हालांकि पुल की मुख्य संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और उसे किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंची है। स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्य अभियंता को मौके पर भेजा गया है तथा मरम्मत कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया है। विभाग जल्द से जल्द यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटा हुआ है।
लापरवाही मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
पंकज कुमार पांडेय ने कहा कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है। यदि जांच में किसी अधिकारी अथवा निर्माण एजेंसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि तेज जलप्रवाह को नियंत्रित करने के लिए नदी की धारा मोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है, जिसमें सिंचाई विभाग की टीम मौके पर मौजूद है।
नई सड़कों की गुणवत्ता पर रहेगा विशेष फोकस
सचिव ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी नई बनी सड़क यदि निर्धारित समय से पहले क्षतिग्रस्त होती है तो उसके कारणों की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सरकार निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।
प्रदेशभर में बंद सड़कें खोलने का अभियान जारी
उन्होंने बताया कि राज्यभर में बारिश के कारण बंद हुए मार्गों को खोलने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। बंद सड़कों की स्थिति विभागीय पोर्टल पर लगातार लाइव अपडेट की जा रही है। विभाग का लक्ष्य है कि अधिकांश मार्गों को 24 घंटे के भीतर यातायात के लिए सुचारु रूप से खोल दिया जाए।
देहरादून-मसूरी मार्ग पर भी टीमें मुस्तैद
सचिव ने बताया कि देहरादून-मसूरी मार्ग पर एक नए जल स्रोत के सक्रिय होने से लगातार मलबा आ रहा है। इस स्थिति से निपटने के लिए विभागीय टीमें मशीनों के साथ मौके पर तैनात हैं और मार्ग को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।



