
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के तहत स्वच्छ ईंधन आधारित 11 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर छह प्राथमिक लाभार्थी वाहन स्वामियों को पूंजीगत अनुदान एवं प्रोत्साहन राशि के सब्सिडी चेक प्रदान किए गए। साथ ही पांच अन्य लाभार्थियों की सब्सिडी स्वीकृति प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी भी दी गई।
स्वच्छ और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल उत्तराखण्ड में स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ ईंधन आधारित सार्वजनिक परिवहन को प्रोत्साहन मिलेगा और डीजल वाहनों से होने वाले प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी।
विकास और पर्यावरण संरक्षण में संतुलन जरूरी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश हरित ऊर्जा और सतत विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा उत्तराखण्ड भी इसी संकल्प के साथ कार्य कर रहा है।
ई-बस, चार्जिंग स्टेशन और रोप-वे परियोजनाओं पर तेजी से काम
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का विस्तार कर रही है। इसके साथ ही प्रदेशभर में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोप-वे परियोजनाओं और आधुनिक शहरी परिवहन प्रणाली के विकास को भी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
पीएम सूर्य घर योजना में लक्ष्य से आगे बढ़ा उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत उत्तराखण्ड ने 40 हजार रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने का प्रारंभिक लक्ष्य निर्धारित समय से पहले ही हासिल कर लिया है। उन्होंने बताया कि योजना के कुल लक्ष्य का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। राज्य सरकार उत्तराखण्ड को हरित ऊर्जा, स्वच्छ परिवहन और सतत विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव परिवहन रविनाथ रमन सहित परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



