उत्तर प्रदेशराज्य

अलीगढ़ में बाथरूम में छात्रा की संदिग्ध मौत, गीजर गैस लीकेज का शक… परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अलीगढ़ के स्वर्ण जयंती नगर स्थित शिवाजीपुरम कॉलोनी में रविवार को ह्रदयविदारक घटना हुई। यहां बाथरूम में नहाने के लिए गई एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अंदेशा जताया जा रहा है कि गीजर की गैस से दम घुटने के चलते छात्रा की मौत हुई। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई। छात्रा की मां शिक्षक हैं, जबकि पिता सेना में राजस्थान के जैलसमेर में तैनात हैं। शिवाजीपुरम कॉलोनी निवासी 12 वर्षीय मानवी अवर लेडी फातिमा स्कूल में कक्षा छह की छात्रा थी। परिवार में माता-पिता व छह साल का भाई आरव है। पिता देवेंद्र सिंह जैसलमेर में तैनात हैं। मां नीतू शिक्षक हैं।

पड़ोसियों के अनुसार घटना रविवार दोपहर करीब एक बजे की है। नीतू पहली मंजिल पर थीं। जबकि मानवी निचले तल पर बाथरूम में नहाने के लिए चली गई। करीब एक घंटे तक जब वह बाहर नहीं आई तो मां को शक हुआ। उन्होंने बाथरूम का दरवाजा खटखटाया, मगर कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए, जिन्होंने दरवाजा तोड़ा। देखा तो मानवी अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ी थी। आनन-फानन उसे रामघाट रोड स्थित मैक्स अस्पताल में ले जाया गया।

वहां से वरुण अस्पताल ले गए। लेकिन, उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां बेसुध हो गईं। देर शाम पिता को जानकारी हुई तो वे जैसलमेर से अलीगढ़ आने के लिए रवाना हो गए। देररात तक घर के बाहर लोगों का जमावड़ा लगा हुआ था। पड़ोसियों का कहना था कि संभावना है कि गीजर की गैस लीक हो गई, जिससे दम घुटने से छात्रा की जान चली गई। हालांकि घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।

गैस गीजर में आती है ये दिक्कत

गैस गीजर वैसे तो इलेक्ट्रिक गीजर से काफी बेहतर होता है। गैस गीजर को चालू करते ही आपको गर्म पानी मिलना शुरू हो जाता है जबकि इलेक्ट्रिक गीजर में पानी गर्म होने के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ता है। गैस गीजर में सबसे बड़ी दिक्कत गैस के लीकेज की रहती है, अगर सिलेंडर बाथरूम में ही रखा है तो ये और भी ज्यादा खतरनाक हो सकता है। इसके साथ ही कई बार गर्म पानी से नहाते से उठने वाली भाप की वजह से गैस गीजर में जलने वाली आग बुझ जाती है। जिससे बाथरूम में एलपीजी गैस जमा हो कर आपका दम घोट सकती है इसलिए गैस गीजर में यूज होने वाले एलपीजी सिलेंडर को बाथरूम से बाहर रखना चाहिए और नहाते समय बाथरूम का डोर लॉक नहीं करना चाहिए।

कितनी होती है गैस गीजर की कीमत?

बाजार में गैस गीजर दो तरह के आते हैं, एक लोकल और दूसरे ब्रांडेड। अगर आप पैसे बचाने के चक्कर में लोकल गैस गीजर खरीद रहे हैं तो इसमें गैस लीकेज सहित दूसरी समस्या जल्द आ सकती है. जबकि आप ब्रांडेड गैस गीजर खरीदते हैं तो इसमें गैस लीकेज जैसी समस्या आने की संभावना न के बराबर होती है। लोकल ब्रांड के गैस गीजर दो से तीन हजार रुपए के बीच में आते हैं, जबकि ब्रांडेड गैस गीजर पांच से आठ हजार रुपए के बीच में आ जाते हैं।

स्कूल में आज अवकाश

अवर लेडी फातिमा स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर जरीन ने बताया कि मानवी कक्षा छह की छात्रा थी। घटना दुखद है। परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए सोमवार को स्कूल का अवकाश घोषित किया गया है।

कुलदीप विहार में भी हुई थी घटना

20 दिसंबर 2024 को कुलदीप विहार में एक घटना हुई थी। उस दौरान भी बाथरूम में गीजर की गैस से दम घुटने के चलते एक छात्रा की मौत हो गई थी। छात्रा घर में अकेली थी। मां दूध लेने गईं थीं। लौटकर आईं तो छात्रा अचेत मिली। अस्पताल ले जाया गया, मगर उसे मृत घोषित कर दिया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button