
देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण और गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह ग्राउंड में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं।
टोल प्लाजा को किया जाएगा टोल-मुक्त
जिलाधिकारी सविन बंसल ने 14 अप्रैल के लिए अहम आदेश जारी करते हुए लच्छीवाला टोल प्लाजा और आशारोड़ी बैरियर को अस्थायी रूप से टोल-मुक्त रखने का निर्णय लिया है। इस आदेश के तहत सुबह 5:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक इन मार्गों से गुजरने वाले सभी प्रकार के वाहनों से कोई टोल शुल्क नहीं लिया जाएगा।
जाम से बचाव के लिए लिया गया फैसला
जिला प्रशासन के अनुसार, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सीमावर्ती और पर्वतीय जिलों से बड़ी संख्या में बसों और निजी वाहनों के आने की संभावना है। ऐसे में टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि शहर में यातायात सुचारु बना रहे और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
फास्टैग से भी नहीं कटेगा शुल्क
प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, इस अवधि में फास्टैग के माध्यम से भी किसी प्रकार का टोल शुल्क नहीं लिया जाएगा। सभी वाहन बिना किसी शुल्क के इन टोल प्लाजा से गुजर सकेंगे, जिससे यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मिलेगी मदद
जिलाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए यह आदेश लागू किया है। प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से कार्यक्रम के दौरान यातायात नियंत्रण में रहेगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहयोग मिलेगा।


