उत्तराखंडराज्य

हरेला पर्व पर खटीमा में पौधारोपण अभियान, सेवा संकल्प फाउंडेशन ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

खटीमा। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर खटीमा के दयूरी स्थित दरियानाथ सिद्ध बाबा मंदिर परिसर में सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से वृक्षारोपण और पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। फाउंडेशन की ट्रस्टी श्रीमती गीता पुष्कर धामी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और अधिक से अधिक नागरिकों को हरित अभियान से जोड़ना रहा।

पर्यावरण संरक्षण सभी की जिम्मेदारी: रीता कफलिया

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रीता कफलिया ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।

उन्होंने सेवा संकल्प फाउंडेशन और ट्रस्टी गीता पुष्कर धामी का इस जनहितकारी पहल के लिए आभार जताते हुए लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी सुरक्षा का संकल्प लेने की अपील की।

समाजसेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान

ग्राम प्रधान भागीरथ सिंह राणा ने कहा कि सेवा संकल्प फाउंडेशन प्रदेशभर में समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि फाउंडेशन समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जनभागीदारी को बढ़ावा दे रहा है। हरेला पर्व पर आयोजित यह अभियान प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का मजबूत संदेश देता है।

मंदिर परिसर में लगाए गए पौधे, लोगों को बांटे गए निःशुल्क पौधे

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। इसके साथ ही सैकड़ों लोगों को निःशुल्क पौधे वितरित किए गए।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उनके बड़े होने तक नियमित रूप से उनकी देखभाल और संरक्षण भी करेंगे।

गीता पुष्कर धामी के मार्गदर्शन में चल रहे जनहित के कार्य

सेवा संकल्प फाउंडेशन की ट्रस्टी श्रीमती गीता पुष्कर धामी सेवा, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही हैं। उनके मार्गदर्शन में फाउंडेशन समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा और जनकल्याण की भावना को पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।

प्राकृतिक धरोहर को बचाने का आह्वान

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि प्राकृतिक संपदाओं से भरपूर प्रदेश भी है। यहां के जंगल, नदियां, पर्वत और जैव विविधता हमारी पहचान हैं। इस प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों का संरक्षण करना भी आवश्यक है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर ग्राम प्रधान अमर सिंह राणा, निशान सिंह, अध्यक्ष क्रय-विक्रय समिति हरिकृष्ण राणा, जिला महामंत्री युवा मोर्चा शशांक वर्मा, जिला मंत्री अनुसूचित मोर्चा चरण सिंह राणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्र शेखर मुंडेला सहित अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button