
रुद्रपुर/गदरपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड ने अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) निधि से राजकीय प्राथमिक विद्यालय, दुर्गापुर नंबर-2 का आधुनिक स्वरूप में पुनर्निर्माण कराया है। 75 लाख रुपये की लागत से तैयार इस नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं जरूरी: जिलाधिकारी
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड की पूरी टीम को विद्यालय के पुनर्निर्माण के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के लिए आधुनिक, सुरक्षित, हवादार और पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी वाले विद्यालय भवनों का होना बेहद जरूरी है। जिलाधिकारी ने विद्यालय के आकर्षक और मॉडल डिजाइन की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के डिजाइन को अन्य विद्यालयों में अपनाने का प्रयास किया जाएगा।
विद्यालय प्रबंधन के लिए कंपनी प्रतिनिधि होंगे नामित
जिलाधिकारी ने विद्यालय के बेहतर रखरखाव, भविष्य की मरम्मत और अन्य सुविधाओं के प्रभावी प्रबंधन के लिए ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड के दो प्रतिनिधियों को विद्यालय प्रबंधन समिति में नामित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कंपनी के निदेशक से खटीमा विकासखंड के किसी अन्य राजकीय विद्यालय को भी CSR के माध्यम से पुनर्निर्माण के लिए गोद लेने का अनुरोध किया।
कंपनी ने दो अतिरिक्त शिक्षकों की भी की व्यवस्था
ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड के निदेशक नागराज गार्वेश्वरी ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से कंपनी ने 75 लाख रुपये की लागत से विद्यालय का आधुनिक रूप में पुनर्निर्माण कराया है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए कंपनी द्वारा विद्यालय में दो अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था भी की गई है, जिनका मानदेय कंपनी स्वयं वहन करेगी। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा क्षेत्र में जिला प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
दो मंजिला भवन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध
नवनिर्मित दो मंजिला विद्यालय भवन में पांच आधुनिक कक्षाएं, एक पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, स्टोर रूम और स्टाफ रूम का निर्माण किया गया है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी शावेज आलम, प्रधानाध्यापक अजीत कुमार, ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड के सीनियर मैनेजर संतोष कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति के दुलाल सरकार, अजीत हलदार, सुषमणी देवी, निशा देवी सहित शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



