उत्तराखंडराज्य

अनारवाला-मालसी मार्ग के कार्यों का मंत्री गणेश जोशी ने किया निरीक्षण

देहरादून में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को अनारवाला-मालसी मोटर मार्ग पर चल रहे मरम्मत और सुधार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि अनारवाला-मालसी मार्ग स्थानीय लोगों, पर्यटकों और रोजाना आवाजाही करने वाले नागरिकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण सड़क मार्ग है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण और मरम्मत कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।

बरसात से पहले जोखिम वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान

मंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील और संभावित खतरे वाले स्थानों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सड़क किनारे मौजूद बड़े पेड़ों की लॉपिंग और छंटाई प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश भी दिए, ताकि तेज बारिश या आंधी के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो।

बिजली के पोल हटाने के दिए निर्देश

गणेश जोशी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि सड़क मार्ग में बाधा बन रहे बिजली के पोलों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया या अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।

सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने की सलाह

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सड़क को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी तरीके से कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी मसूरी अमित कंवर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता एसडीएस बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव गुरूंग, संध्या थापा, निर्मला थापा सहित कई अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button