उत्तराखंडराज्य

कैंसर पीड़ित परिवार की मदद को आगे आया जिला प्रशासन, ऋण कराया माफ

देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन लगातार जरूरतमंद परिवारों तक राहत पहुंचाने का कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में आर्थिक संकट से जूझ रहे एक कैंसर पीड़ित परिवार को प्रशासन ने बड़ी राहत प्रदान की है।

सीएसआर फंड से जमा कराया 71 हजार रुपये का ऋण

जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने रायपुर क्षेत्र के मालदेवता निवासी संध्या रमोला के परिवार की आर्थिक सहायता करते हुए उनके ऊपर बकाया लगभग 71 हजार रुपये का ऋण सीएसआर फंड के माध्यम से जमा कराकर माफ कराया। इसके साथ ही रायफल क्लब मद से 50 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि भी डीबीटी के जरिए उनके बैंक खाते में भेजी गई।

कैंसर की बीमारी से आर्थिक संकट में आया परिवार

संध्या रमोला ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति गले के कैंसर से पीड़ित हैं और उनका उपचार हिमालय अस्पताल में चल रहा है। बीमारी के कारण उनके पति काम करने में असमर्थ हो गए हैं, जिससे परिवार की आय पूरी तरह प्रभावित हो गई।

उन्होंने बताया कि परिवार में दो छोटे बच्चों की जिम्मेदारी, इलाज का खर्च और घरेलू आवश्यकताओं के चलते आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई थी। परिस्थितियों से मजबूर होकर उन्होंने स्वयं सहायता समूह के माध्यम से वर्ष 2024 और 2025 में बैंक से ऋण लिया था।

बैंक के नोटिस से बढ़ रहा था मानसिक तनाव

आर्थिक तंगी के कारण ऋण की किस्तें समय पर जमा नहीं हो सकीं, जिससे बैंक का बकाया बढ़कर करीब 71 हजार रुपये हो गया। लगातार नोटिस और बैंक के दबाव से पूरा परिवार मानसिक तनाव में भी था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने तुरंत मानवीय पहल करते हुए ऋण की पूरी राशि जमा कराने और संबंधित बैंक को नो ड्यूज प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी गई

जिला प्रशासन ने परिवार की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई, ताकि इलाज और बच्चों के पालन-पोषण में राहत मिल सके। प्रशासन की इस पहल से परिवार को बड़ी राहत मिली है।

जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जो परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं या अचानक किसी गंभीर संकट का सामना करते हैं, उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

जरूरतमंदों की मदद के लिए लगातार काम कर रहा प्रशासन

जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न प्रोजेक्ट, सीएसआर फंड और अन्य संसाधनों के माध्यम से दिव्यांगजन, गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों, निराश्रित महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को समय-समय पर सहायता दी जा रही है। प्रशासन की यह पहल संवेदनशील शासन व्यवस्था और जनकल्याणकारी सोच का उदाहरण बन रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button