
रुद्रपुर। शुक्रवार को पूर्वाह्न करीब 10:30 बजे जनपद उधम सिंह नगर के तहसील रुद्रपुर अंतर्गत ग्राम किरतपुर कोलड़ा में स्थित एक गोदाम पर प्रशासनिक टीम ने औचक निरीक्षण किया। खसरा नंबर 216 के मध्य बने इस गोदाम की जांच राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
भारी मात्रा में मिलीं एनसीईआरटी की जाली किताबें
निरीक्षण के दौरान गोदाम में एनसीईआरटी की कथित जाली किताबों का बड़ी मात्रा में भंडारण पाया गया। टीम को मौके पर बड़ी संख्या में किताबों के बंडल मिले, जिन्हें जब्त कर जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार इन पुस्तकों की गिनती अभी जारी है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
जांच और कार्रवाई जारी
अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला जाली शैक्षणिक पुस्तकों के भंडारण और संभावित वितरण से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल प्रशासन द्वारा किताबों की गिनती और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पूरे मामले में आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।



