
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को “बूथ जीता, चुनाव जीता” के मूलमंत्र पर काम करना चाहिए, क्योंकि मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी सफलता की आधारशिला होता है।
मुख्यमंत्री धामी के चार वर्ष के कार्यकाल की सराहना
बैठक में प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चार वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और प्रदेश में सुशासन एवं विकास की नई मिसालें स्थापित हो रही हैं।
बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर
देहरादून के कुआंवाला स्थित एक निजी संस्थान में आयोजित इस बैठक को संबोधित करते हुए तरुण चुघ ने कहा कि पूरे देश की तरह उत्तराखंड में भी पार्टी का प्रशिक्षण अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर सबसे अधिक जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठनात्मक ढांचे के लिए बीएलए-1 और बीएलए-2 की नियुक्ति की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को दी गई है और राज्य में जल्द ही शत-प्रतिशत बीएलए-2 की नियुक्ति भी सुनिश्चित की जाएगी।
“उत्तराखंड का दशक” बनाने की दिशा में प्रयास
प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनता का विश्वास जीतते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप “उत्तराखंड का दशक” बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य ने आपदाओं जैसी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा की राष्ट्रवादी और सांस्कृतिक विचारधारा के साथ खड़ी है तथा केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के कार्यों पर उसे पूरा भरोसा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो दल कभी आपातकाल लगाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के दोषी रहे हैं, वही आज संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
तीसरी बार सरकार बनाने का विश्वास
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश का विशेष महत्व होता है और इसके लिए संगठन निर्माण से लेकर चुनावी रणनीति तक कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद अहम होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की ताकत के दम पर भाजपा राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफल होगी।
संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के निर्देश
प्रदेश महामंत्री अजेय कुमार ने बैठक में संगठन की गतिविधियों और कार्ययोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिला अध्यक्षों को जल्द ही संगठनात्मक ढांचे को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अजय भट्ट सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।



