उत्तराखंडराज्य

लालपुर में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर आयोजित, 468 लोगों ने लिया योजनाओं का लाभ

रुद्रपुर। सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ चलाए जा रहे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत नगर पंचायत लालपुर के किसान इंटर कॉलेज में जन सुविधा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर नगर पंचायत अध्यक्ष बलबिंदर कौर की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।

शिविर में समाज कल्याण, पूर्ति विभाग, उद्योग, उरेडा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, डेयरी, ग्राम्य विकास, मत्स्य, पंचायतीराज और शिक्षा सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने आम जनता को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में कुल 468 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान तीन शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैनिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष कैप्टन गंभीर सिंह धामी ने कहा कि जनता को शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी लेनी चाहिए और उनका लाभ उठाना चाहिए।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लोगों को योजनाओं के संबंध में पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति लाभान्वित हो सकें।

कैप्टन धामी ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। शिविरों में प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि पात्र लाभार्थियों तक इन योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाया जाए।

शिविर में दी गईं विभिन्न सेवाएं

शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, पांच बच्चों का अन्नप्राशन और पांच मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का वितरण किया गया।

शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों को निशुल्क कॉपी और किताबें वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग ने 70 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां उपलब्ध कराईं और 84 लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता दी गई।

आयुष विभाग द्वारा 50 लोगों का परीक्षण कर निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं, जबकि होम्योपैथिक विभाग ने 32 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां उपलब्ध कराईं। पशुपालन विभाग ने 45 लोगों को पशुओं के उपचार के लिए दवाइयां वितरित कीं।

विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 369 लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि विपिन जलहोत्रा, सभासद रजनी यादव, लखवीर सिंह, रोहित कुमार, शिव प्रकाश तिवारी, मनप्रीत कौर, राजेश कश्यप, अमृत पाल, बलजीत सिंह, जग्गू सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा नोडल अधिकारी एवं सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिमवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, अधिशासी अधिकारी गीता चंद्रा, उद्यान निरीक्षक कविता भाटिया, मत्स्य निरीक्षक सोनू भंडारी, शिक्षा विभाग से विद्या उपाध्याय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button