उत्तराखंडराज्य

अनियमितताएँ उजागर: ऋषिकेश में CSC केंद्र सील, बड़ी संख्या में सरकारी दस्तावेज़ बरामद

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जनपदभर में जन सेवा केंद्रों (CSC) की चल रही विशेष छापेमारी कार्रवाई के तहत ऋषिकेश के वीरपुर खुर्द, पशुलोक स्थित एक कॉमन सर्विस सेंटर में गंभीर अनियमितताएँ सामने आने पर प्रशासन ने केंद्र को तत्काल सील कर दिया।

उप जिलाधिकारी ऋषिकेश योगेश मेहर द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान पता चला कि केंद्र के बाहर लगे बोर्ड पर विभा नामदेव के नाम से संचालन का उल्लेख है, जबकि CSC ID मनीषा नामदेव के नाम पर पंजीकृत है। बोर्ड पर प्रदर्शित मोबाइल नंबर भी विभा नामदेव एवं आर. नामदेव के पाए गए, जबकि विभा नामदेव वर्तमान में केंद्र के पते से भिन्न स्थान—हरिपुरकलां—में निवासरत हैं।

निरीक्षण के दौरान केंद्र पर निर्धारित पंजिका का संधारण नहीं पाया गया, साथ ही बड़ी संख्या में मूल सरकारी दस्तावेज़ बरामद हुए, जिसमें

9 आधार कार्ड

3 राशन कार्ड

3 श्रमिक कार्ड

1 आयुष्मान कार्ड

तथा कई व्यक्तियों के बैंक पासबुक शामिल थे।

संचालक इन संवेदनशील दस्तावेजों के पास होने का संतोषजनक स्पष्टीकरण देने में असफल रहे। इसके अलावा बीपीएल सर्वेक्षण 2002 से जुड़े खाली कार्ड भी केंद्र से बरामद हुए, जिसके संबंध में भी कोई उचित जवाब नहीं मिल सका।

इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने केंद्र के संचालन पर तत्काल रोक लगाते हुए उसे सील कर दिया है। आगे की विधिक कार्रवाई के लिए प्रकरण संबंधित विभागों को भेज दिया गया है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा—
“जन सेवा केंद्र नागरिकों को सरकारी सेवाएँ सरलता से उपलब्ध कराने के लिए स्थापित किए गए हैं। मूल दस्तावेजों को बिना कारण अपने पास रखना, रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही या किसी भी प्रकार की अनियमितता गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है। नागरिकों की सुरक्षा और उनके संवेदनशील दस्तावेजों की गोपनीयता से कोई समझौता स्वीकार्य नहीं है।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में संचालित सभी CSC की व्यापक जांच जारी है और जहां भी अनियमितताएँ पाई जाएँगी, तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button