व्यापार

खुशखबरी ! सस्ती हो रही CNG-PNG, जानें कितना हो रहा फायदा

नई दिल्‍ली: नया साल 2026 देश के करोड़ों गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आ रहा है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (PNGRB) ने टैरिफ में कटौती की घोषणा की है। इसके चलते 1 जनवरी 2026 से CNG और घरेलू पाइप नेचुरल गैस (PNG) की कीमतों में 2 से 3 रुपये प्रति यूनिट की कमी आएगी। PNGRB के सदस्य ए.के. तिवारी ने इसकी जानकारी दी है। उन्‍होंने बताया कि नए टैरिफ ढांचे से परिवहन क्षेत्र और घरों के किचन बजट को सीधा लाभ मिलेगा।

ए.के. त‍िवारी ने कहा क‍ि इस राहत का मुख्य कारण गैस वितरण के ‘टैरिफ स्ट्रक्चर’ में किया गया बदलाव है। पहले गैस की कीमतें तीन अलग-अलग दूरी आधारित जोन (200 किमी, 1200 किमी और उससे अधिक) पर निर्भर करती थीं। इसे अब घटाकर मात्र दो जोन कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत जोन-1 के लिए दर को तर्कसंगत बनाते हुए 54 रुपये तय किया गया है। यह पहले 80 रुपये और 107 रुपये तक हुआ करती थी। यह सरलीकरण पूरे भारत में समान रूप से लागू होगा।

आम उपभोक्‍ताओं तक सीधे पहुंंचेगा फायदा

इस फैसले का असर भारत के 312 भौगोलिक क्षेत्रों में काम कर रही 40 सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनियों पर पड़ेगा। सरकार ने साफ निर्देश दिए हैं कि कम दरों का पूरा लाभ सीधे आम उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए। नियामक बोर्ड खुद इसकी निगरानी करेगा कि कंपनियां कीमतों में कटौती का लाभ जनता को दे रही हैं या नहीं। इससे न केवल निजी वाहनों और टैक्सी चलाने वालों को फायदा होगा, बल्कि पाइप गैस इस्तेमाल करने वाले घरों का खर्च भी घटेगा।

क्‍या है सरकार का टारगेट?

सरकार का लक्ष्य इस कटौती के जरिए देशभर में प्राकृतिक गैस के इस्‍तेमाल को बढ़ावा देना है। इसके लिए राज्य सरकारों से बातचीत कर वैट (VAT) कम करने और बुनियादी ढांचे के विस्तार की प्रक्रिया को भी तेज किया जा रहा है। वर्तमान में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की कंपनियां मिलकर पूरे देश में गैस नेटवर्क फैला रही हैं। उम्मीद की जा रही है कि सस्ती दरों और आसान उपलब्धता से आने वाले समय में क्लीन एनर्जी के इस्तेमाल में भारी उछाल आएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button