उत्तराखंडराज्य

सफलता के लिए अंक नहीं, चरित्र और मूल्य भी जरूरी: बंशीधर तिवारी

देहरादून। महानिदेशक सूचना एवं मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में वास्तविक सफलता केवल अच्छे अंकों से नहीं मिलती, बल्कि चरित्र, संस्कार, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी से हासिल होती है।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ज्ञान के साथ ईमानदारी, अनुशासन, धैर्य और संवेदनशीलता जैसे गुणों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं, क्योंकि यही गुण उन्हें भविष्य में बेहतर इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनाने में सहायक होंगे।

निरंतर प्रयास और सीखने की भावना से मिलती है सफलता

बंशीधर तिवारी सोमवार को एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में नगर निगम टाउन हॉल ऑडिटोरियम में आयोजित ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सफलता लगातार प्रयास, सीखने की इच्छा और मजबूत जीवन मूल्यों का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक उपलब्धियां सफलता का केवल एक हिस्सा हैं, जबकि बेहतर करियर, पारिवारिक संस्कार और व्यक्तिगत संतुष्टि मिलकर जीवन को सार्थक बनाते हैं।

युवाओं में नैतिक नेतृत्व और नवाचार की जरूरत

तिवारी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए ऐसे युवाओं की आवश्यकता है, जो पेशेवर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के साथ-साथ नैतिक नेतृत्व, नवाचार और जिम्मेदार नागरिकता का उदाहरण प्रस्तुत करें।

उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त करने के बाद भी विनम्रता और कृतज्ञता बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उपलब्धियों के साथ अच्छे व्यवहार और सकारात्मक सोच का होना भी जरूरी है।

मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

इस अवसर पर बंशीधर तिवारी ने एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया की सराहना करते हुए कहा कि ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ जैसे आयोजन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मान देने के साथ-साथ उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संस्थानों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में शिक्षाविद, संस्थान प्रमुख, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button