
देहरादून। प्रमुख सचिव वित्त रमेश कुमार सुधांशु ने सोमवार को सचिवालय में चम्पावत विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभागाध्यक्षों को प्रत्येक सप्ताह और विभागीय सचिवों को हर 15 दिन में घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करने को कहा। साथ ही प्रत्येक विभाग में नोडल अधिकारी नियुक्त कर मुख्यमंत्री घोषणा पोर्टल को नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए।
लंबित घोषणाओं के शासनादेश जल्द जारी करने के निर्देश
बैठक में वर्ष 2021 से लंबित मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि जिन घोषणाओं के शासनादेश अभी तक जारी नहीं हुए हैं, उन्हें जल्द जारी किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिन घोषणाओं को समायोजित या निरस्त किया जाना प्रस्तावित है, उनकी प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी कर इसकी जानकारी घोषणा सेल को उपलब्ध कराई जाए, ताकि रिकॉर्ड को अपडेट किया जा सके।
गोल्ज्यू कॉरिडोर और जिम कॉर्बेट ट्रेल पर हुई चर्चा
समीक्षा बैठक में बताया गया कि गोलू देवता, घोड़ाखाल और चितई को जोड़कर प्रस्तावित विशेष गोल्ज्यू कॉरिडोर के निर्माण को व्यय वित्त समिति और मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिल चुकी है। इस पर प्रमुख सचिव ने संबंधित पत्रावली वित्त विभाग को भेजने के निर्देश दिए।
वहीं चम्पावत में प्रस्तावित जिम कॉर्बेट ट्रेल निर्माण के लिए ब्रिडकुल को कार्यदायी संस्था नामित करने का शासनादेश जल्द जारी करने और एक सप्ताह के भीतर डीपीआर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा
प्रमुख सचिव ने नगर क्षेत्र चम्पावत की सीवर लाइन का परीक्षण कर 15 दिन के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। इसके अलावा जवाहर नवोदय विद्यालय लटौली के खेल मैदान विस्तार, हनुमान मंदिर मेला स्थल के सौंदर्यीकरण और नारियाल गांव में एबीसी सेंटर स्थापना से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में टनकपुर-बनबसा क्षेत्र में प्रस्तावित 220/33 केवी विद्युत स्टेशन निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
कई परियोजनाओं के पूरे होने की दी गई जानकारी
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि गुरु गोरखनाथ धाम सड़क चौड़ीकरण कार्य और चम्पावत रोडवेज स्टेशन में मल्टी स्टोरी पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
प्रमुख सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर देरी न हो और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा किया जाए।
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में विभिन्न विभागों के सचिव, वरिष्ठ अधिकारी, जिलाधिकारी चम्पावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



