
देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही बंद सड़कों को शीघ्र खोलने, बिजली, पेयजल और संचार जैसी आवश्यक सेवाओं की तत्काल बहाली तथा हेली सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने तड़के ली हालात की जानकारी
मंगलवार तड़के मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से प्रदेशभर में बारिश की स्थिति, बंद सड़क मार्गों, नदियों के जलस्तर, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं फील्ड में जाकर स्थिति का आकलन करने और राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए।
भूस्खलन प्रभावित मार्गों को प्राथमिकता से खोलने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि भूस्खलन और भारी बारिश से अवरुद्ध मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खोला जाए। इसके लिए जेसीबी, पोकलेन, डोजर सहित सभी आवश्यक मशीनरी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यकता पड़ने पर राहत सामग्री और बचाव दलों को तत्काल पहुंचाने के लिए हेली सेवाओं को भी पूरी तरह तैयार रखा जाए।
चारधाम यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी स्थान पर मौसम खराब हो या भूस्खलन की स्थिति बने तो यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति दी जाए।
आपदा प्रबंधन विभाग ने भी बढ़ाई सतर्कता
इस बीच आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक तथा मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी प्रदेश की स्थिति की समीक्षा की। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्रदेशभर की स्थिति पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है।
29 और 30 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 29 जुलाई को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। वहीं 30 जुलाई को बागेश्वर, चम्पावत और पिथौरागढ़ में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा तथा उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी, टिहरी और नैनीताल में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों से सतर्क रहने और एडवाइजरी का पालन करने की अपील
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने प्रदेशवासियों और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से मौसम विभाग की चेतावनियों और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने का आग्रह किया गया है।



