
रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके पैतृक निवास ग्राम नगरा तराई, खटीमा में भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा प्रेषित पत्र मुख्यमंत्री को सौंपते हुए जौनसार-बावर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया।
क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा: सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और किसान
प्रतिनिधि मंडल ने मुख्य रूप से जौनसार-बावर क्षेत्र की सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और किसानों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री को बरसात के मौसम में विकासनगर से चकराता जोड़ने वाले मुख्य मार्ग जजरेड क्षेत्र में होने वाली दुर्घटनाओं और जाम की समस्या के बारे में बताया। इस मार्ग पर किसानों की नगदी फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है और लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री ने दिए समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया और समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क सुरक्षा, यातायात सुधार, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता
इस शिष्टाचार भेंट में वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीमती बचना शर्मा लाखामंडल, कर्नल राजीव रावत, ओमप्रकाश, युवा मोर्चा के मीडिया प्रभारी घनश्याम, पीरू आर्य, शर्मिला, केशव शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं के निराकरण और विकास योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन की आवश्यकता पर जोर दिया।



