
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए लगभग ₹495 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इसमें कुंभ मेला-2027 की तैयारियां, सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण, शहरी निकायों और जिला पंचायतों के विकास कार्य, पार्किंग सुविधाएं, एडवेंचर पार्क, धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण और जनहित से जुड़ी कई योजनाएं शामिल हैं।
सड़क निर्माण और धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के तहत टिहरी जिले के नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में भारपुर-पोंथ मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और सुधारीकरण के लिए ₹3.08 करोड़ की स्वीकृति दी है।
इसके अलावा अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण स्थित शिव मंदिर के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹53.51 लाख, धारचूला क्षेत्र में जुम्मा मल्ला ग्वार से छिपला सरोवर तक मार्ग निर्माण के लिए ₹80.35 लाख, चौखुटिया के रामपादुका मंदिर स्नान घाट निर्माण के लिए ₹37.60 लाख तथा चम्पावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना के लिए ₹60 लाख मंजूर किए गए हैं।
हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में सड़क परियोजनाओं को मंजूरी
हरिद्वार जिले के कनखल क्षेत्र में दो सीसी मार्गों के निर्माण तथा लक्सर क्षेत्र में सत्संग भवन महाराजपुर से गंगदासपुर तक सड़क सुधार कार्य के लिए ₹3.72 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र में विभिन्न सड़क पुनर्निर्माण कार्यों के लिए भी करोड़ों रुपये की मंजूरी दी गई है।
पार्किंग, एडवेंचर पार्क और अन्य निर्माण कार्यों को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ के डीडीहाट सिविल जज न्यायालय में शिशु गृह की स्थापना, रुद्रपुर में 31वीं वाहिनी पीएसी के आरटीसी एवं बैरक निर्माण, गुंजी गांव के सर्वांगीण विकास, रामनगर में ₹38.58 करोड़ की बहुमंजिला पार्किंग, चम्पावत में एडवेंचर पार्क तथा देहरादून संभागीय परिवहन कार्यालय भवन के विस्तार के लिए भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
कुंभ मेला-2027 के लिए बिजली व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
कुंभ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए ₹43.87 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किश्त के रूप में ₹17.55 करोड़ जारी करने की मंजूरी भी दी गई है।
शहरी निकायों और जिला पंचायतों को ₹410 करोड़ से अधिक की सहायता
मुख्यमंत्री ने छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के आधार पर शहरी स्थानीय निकायों को ₹328.28 करोड़ और जिला पंचायतों को ₹82.21 करोड़ की द्वितीय त्रैमासिक किश्त जारी करने की स्वीकृति प्रदान की है।
कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी
राज्य सरकार और राज्य स्वायत्त निकायों/उपक्रमों के उन कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि को भी मंजूरी दी गई है, जो पांचवें और छठे केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन प्राप्त कर रहे हैं।
इसके तहत पांचवें वेतनमान का महंगाई भत्ता 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत और छठे वेतनमान का महंगाई भत्ता 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत किया गया है। यह वृद्धि 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी।
मार्गों के नामकरण को भी मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में बिडोरा-छेवी पातशाही गेट से धूमखेड़ा मार्ग का नाम बदलकर “साहिबजादे फतेह सिंह रोड” करने तथा सौनी-डौड़ाखाल-तिपोला मोटर मार्ग का नाम राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय पूरण सिंह डंगवाल के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।



